एक सड़क का दो बार शिलान्यास, पहले पूर्व मेयर ने अब शहर विधायक ने किया
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। शहर में विकास कार्यों के शिलान्यास की राजनीति तेज हो गई है। हाल यह है कि, एक ही सड़क का दो-दो बार शिलान्यास किया जा रहा है। डेढ़ माह पहले पूर्व मेयर भूपेंद्र सिंह ने अपने वार्ड के शिव चौक से उझा रोड तक बनने वाली मेस्टिक रोड तक जिस सड़क का शिलान्यास किया था, उस सड़क का एक बार फिर शहर विधायक रोहिता रेवड़ी और उनके पति सुरेंद्र रेवड़ी ने रविवार को फिर करा दिया। इस पर पूर्व मेयर एवं वार्ड-11 के पार्षद भूपेंद्र सिंह ने एतराज जताया है। सिंह का कहना है कि, विधायक निगम के बजट में सेंध लगा रही हैं, यह मामला निगम(सदन) की बैठक में उठाएंगे। विधायक को ऐसा करने का अधिकार नहीं है। इससे विधायक और पूर्व मेयर के बीच वाक युद्ध छिड़ गया है।
शहर विधायक रोहिता रेवड़ी ने रविवार को शिव चौक से लेकर जावा पैलेस (उझा रोड)तक मेस्टिक से बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने इसके अलावा सेक्टर-11 में एसडीवीएम स्कूल से लेकर ट्रांसपोर्ट नगर और गुरुद्वारा गुरसंगत साहेब से लेकर अमेजन स्कूल तक दोनों सड़कों का स्थानीय नागरिकों से नारियल तुड़वाकर शिलान्यास किया। ये दोनों सड़कें ड्रेन नंबर एक के साथ बननी हैं। इन तीनों सड़कों पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत आएगी। तीनों स्थानों पर शिलान्यास समारोह में पहुंचने पर विधायक रोहिता रेवड़ी और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र रेवड़ी का स्थानीय निवासियों ने स्वागत किया। इस मौके पर पार्षद तरुण छौक्कर, चिमन गाबा, फतेह सिंह, ओपी चुघ, विपिन चावला, यश शर्मा, ईश्वर सिंह, दिनेश पुजारा, अमित नांरग, मुकेश, जयभगवान, सोमदत्त शर्मा, बाबू भाई, इरफान अली व सरबजीत सिंह मौजूद रहे।
पूर्व मेयर ने शिव चौक की सड़क का 11 सितंबर को कर चुके हैं शिलान्यास
पूर्व मेयर एवं वार्ड-11 पार्षद भूपेंद्र सिंह शिव चौक से लेकर उझा रोड तक बनने वाली सड़क का शिलान्यास 11 सितंबर को कर चुके हैं। पूर्व मेयर ने बताया कि मेस्टिक रोड 20.16 लाख की लागत से बननी है। जिसमें रबड़ की तरह की लेयर होती है। ये सड़क दिल्ली में पुलों पर बनती है और अब नगर निगम क्षेत्र में भी बनने लगी हैं। पिछले दिनों सलारजंग गेट के पास भी बनाई गई है।
विधायक और पूर्व मेयर आमने-सामने
विधायक रोहिता रेवड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में सबका साथ सबका विकास के आधार पर बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करा रही है। पानीपत शहर में भी निरंतर विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं। दावा किया कि वे शहर में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने देंगे। भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी ने कहा कि जो विकास कार्य शहर में भाजपा के तीन साल के कार्यकाल में हुए हैं, वे पिछले 40 साल में भी नहीं हुए थे। वहीं पूर्व मेयर एवं वार्ड-11 पार्षद भूपेंद्र सिंह ने शहर विधायक रोहिता रेवड़ी व उनके पति सुरेंद्र रेवड़ी पर शिव चौक से उझा रोड तक बनने वाली मेस्टिक रोड का शिलान्यास करने पर कड़ी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि शहर विधायक रोहिता रेवड़ी व उनके पति सुुरेंद्र रेवड़ी शिलान्यास के नाम पर विकास का ढिंढोरा पीटना चाहते हैं, लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है। विधायक को डी-प्लान के पांच करोड़ रुपये मिलते हैं। वे इस पैसे के विकास कार्य का शिलान्यास और उद्घाटन करने का अधिकार रखती हैं, लेकिन शहर विधायक रोहिता रेवड़ी व उनके पति सुरेंद्र रेवड़ी ने नगर निगम की ग्रांट व इस दायरे में होने वाले विकास कार्यों में भी अपने हाथ डालने शुरू कर दिए हैं। निगम के फंड को प्रयोग करने की पावर पार्षदों को होती है। वे इस मामले को निगम के सदन में उठाएंगे और विधायक के शिलान्यास की सीमा को दायरे में रखेंगे।