पानीपत। नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने जहां मेयर और पार्षदों के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं। वहीं जिला प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी हैं।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने नगर निगम चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए आरओ और एआरओ नियुक्त किए हैं। उल्लेखनीय है उपरोक्त सरगर्मियों के बीच भाजपा ने वीरवार को पहले दिन मेयर के नौ समेत 187 आवेदन मिले हैं।
शुक्रवार को भी इसके लिए आवेदन लिए जाएंगे। भाजपा में जहां निकाय चुनाव को लेकर गहमागहमी देखी जा रही है, वहीं कांग्रेस मेयर और पार्षद के उम्मीदवार उतारने की चर्चाओं तक सीमित रही। अभी तक कांग्रेस में इस संबंध में कोई बैठक तक नहीं हो पाई है।
भाजपा के सेक्टर-6 स्थिति जिला कार्यालय में वीरवार सुबह ही टिकट को लेकर दावेदारी शुरू कर दी।
मेयर और पार्षद के लिए प्रत्याशी अपने नेताओं से आशीर्वाद लेकर आवेदन करने पहुंचे। जिला कार्यालय में इसके चलते पूरा दिन आवेदन करने वालों की गहमा-गहमी लगी रही। वीरवार को मेयर के लिए नौ और विभिन्न वार्डों के लिए 178 आवेदन मिले हैं।
चुनाव के मद्देनजर विभिन्न संगठन भी सक्रिय हो गए हैं। कश्यप राजपूत सभा के प्रधान धर्मवीर कश्यप की अगुवाई में समाज के लोग पूर्व सांसद संजय भाटिया के निवास पहुंचे।
समाज के लोगों ने वार्ड-18 से बीसी-ए के लिए धर्मवीर कश्यप का नाम प्रस्तावित किया। वे इसके साथ पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज से मिलने पहुंच। जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट को अपना आवेदन सौंपा। इस मौके पर ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष आरडी कल्याण, एडवोकेट सुरेंद्र रोहिल्ला, रोशन लाल बिड़लान व सतवीर सिंह मौजूद रहे।