86 किलोग्राम में झज्जर के दीपक पुनिया ने गोल्ड और रोहतक के अजय ने सिल्वर पर किया कब्जा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
जिला कुश्ती संघ की ओर से प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आर्य पीजी कॉलेज के इनडोर स्टेडियम में आगाज हुआ। 86 किलोग्राम भार वर्ग में झज्जर के दीपक पुनिया ने गोल्ड मेडल जीता। रोहतक के अजय ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि पानीपत ग्रामीण हलका विधायक महिपाल ढांडा थे। उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय लेकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेलों में अच्छा भविष्य है। युवाओं को आगे आकर खुद को साबित करना चाहिए। प्रदेश सरकार की नई खेल नीति युवाओं को आगे ले जाने वाली है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को नौकरी में भी कोटा दिया जा रहा है। इससे पहले मुख्यातिथि का जिला कुश्ती संघ के संरक्षक धर्मबीर पहलवान डिमाना, अंतरराष्ट्रीय कोच प्रेम सिंह आंतिल व सचिव दिलबाग सिंह खर्ब ने स्वागत किया।
जिला कुश्ती संघ के सचिव दिलबाग सिंह ने बताया कि ट्रायल में पास हुए 250 पहलवानों ने ही राज्य स्तरीय जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाया। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ाना देने के लिए खिलाड़ियों में भेदभाव नहीं करना चाहिए। चूंकि सभी खिलाड़ी एक समान होते हैं। उन्होंने बताया कि 25 को फाइनल मुकाबले और लड़कियों के वजन किए जाएंगे। इस मौके पर प्रधान कर्ण सिंह पुनिया, संरक्षक धर्मबीर पहलवान, शशी पहलवान, अनुज जागलान, हरपाल मलिक, महेश पहलवान व रामरूप कोच डीएसओ राजेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।
ये रहे विजेता
61 किलोग्राम भारवर्ग में सोनीपत के प्रवीण ने पानीपत के मनजीत को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 61 किलोग्राम भारवर्ग में झज्जर के रणवीर ने हिसार के अभिमन्यु को हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया। 70 किलोग्राम भारवर्ग में हिसार के विशाल ने सोनीपत के संदीप को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 70 किलोग्राम भारवर्ग में हिसार के जसबीर ने चरखी दादरी के धर्मेंद्र ने फाइनल में प्रवेश किया। 79 किलोग्राम भारवर्ग में सोनीपत के नवीन ने जींद के रोबिन को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 79 किलोग्राम भारवर्ग में रोहतक के नीरज ने हिसार के नरेश को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 86 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में झज्जर के दीपक पुनिया ने गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं 86 किलोग्राम भारवर्ग में रोहतक के अजय ने सिल्वर मेडल हासिल किया। 92 किलोग्राम भारवर्ग में रोहतक के सोमवीर ने रोहतक के नवदीप को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 92 किलोग्राम भारवर्ग में झज्जर के रविंद्र ने पानीपत के साहिल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 125 किलोग्राम भारवर्ग में झज्जर के विशाल ने सोनीपत के रोहित को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। भिवानी के मोहित ने रोहतक के रोहित को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।