नौ एंट्री में पुलिस के सामने ही भारी वाहन कर रहे हैं एंट्री
फोटो संख्या-3
अमर उजाला ब्यूरो
समालखा। प्रशासन की नाक तले शहर में नौ एंट्री के बावजूद भी भारी वाहनों की आवाजाही रुकने का नाम नहीं ले रही है। पुराने बस अड्डे पर नो एंट्री के बोर्ड व पाबंदी को धत्ता बताते हुए भारी वाहन शहर में घुस जाते हैं लेकिन उन्हें रोकने की बजाए पुलिस प्रशासन बाइक चालकों के चालान काटने में मशगुल रहती है, जबकि भारी वाहन उनके सामने से निकल जाते हैं।
शहर में जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक रेलवे रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी। इसको लेकर रेलवे रोड की शुरूआत में बोर्ड भी लगा हुआ है। आरंभ में तो पुलिस ने भारी वाहनों को शहर में नहीं आने दिया और नियम तोडऩे वाले वाहनों के चालान भी किए। लेकिन अब भारी वाहन बेरोकटोक शहर में आने शुरू हो गए और ये सब पुलिस कर्मियों के आगे हो रहा है। पुराने बस अड्डे पर करीब-करीब हर समय पुलिस मौजूद रहती है लेकिन इसके बावजूद भी भारी वाहन उनके आगे से शहर में प्रवेश कर जाते हैं। शहर में भारी वाहनों की एंट्री धड़ल्ले से हो रही है जिसके कारण रेलवे रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार तो स्कूल बसें भी जाम में फंस जाती है बच्चे परेशान होते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सीएम विंडो में शिकायत देंगे।