पेंशनधारकों को मिलने लगी बढ़ी पेंशन, करीब एक लाख को लाभ
पानीपत। हरियाणा सरकार ने समाज कल्याण विभाग के माध्यम से दी जाने वाली वृद्धासम्मान पेंशन, विधवा, निराश्रित महिला, दिव्यांग, लाडली सामाजिक सुरक्षा भत्ता और बौने व किन्नर पेंशन को 1600 रुपये से बढ़ाकर 1800 रुपये मासिक कर दिया है। यह योजना एक नवंबर से लागू की गई है। पात्र व्यक्तियों को इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए संबंधित विभाग से संपर्क करना चाहिए।
यह जानकारी उपायुक्त डॉ. चंद्रशेखर खरे ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इन सभी योजनाओं के तहत लगभग 25 लाख पेंशनधारक विभाग के माध्यम से पेंशन ले रहे हैं। जबकि पानीपत में 1,01,968 लाभार्थी विभिन्न योजनाओं के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। जिले में बुढ़ापा सम्मान पेंशन के 58,623, दिव्यांग पेंशन 6,045, विधवा पेंशन के 29,854, बेसहारा बच्चों के 5,584, लाडली-सामाजिक सुरक्षा के 1,451 और 18 वर्ष से कम आयु के 398 दिव्यांग लाभार्थी सरकार से सहायता प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निराश्रित बच्चों को वित्तीय सहायता योजना के सभी लाभपात्रों को 700 की बजाय 900 रुपये और स्कूल न जाने वाले दिव्यांग बच्चों को 1000 रुपये की बजाय 1200 रुपये मासिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके साथ-साथ किन्नर भत्ता भी 1600 की जगह 1800 रुपये मिलेगा। डॉ. चंद्रशेखर खरे ने बताया कि इन सबको सरकार ने नव वर्ष का तोहफा दिया है। सिस्टम में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने आधार को सभी बैंक खातों से लिंक किया है। लाभपात्रों को सरकार की और से हर माह उनके खातों में पेंशन व सम्मान भत्तों की राशि दी जा रही है।