परिवहन मंत्री के हलके की छात्राओं को नहीं मिल रही रोडवेज बस सेवा
अमर उजाला ब्यूरो
इसराना। परिवहन मंत्री के हलके में बेटियों को बसों के लिए घंटों हाईवे पर खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। इसराना में परिवहन विभाग का बस संस्थान एक दशक से ज्यादा समय से बंद पड़ा है। बेटियों की यह समस्या एक दिन की नहीं बल्कि रोजाना की है। ऐसे में वे समय पर स्कूल या कॉलेज नहीं जा पाती।
कुछ माह पूर्व ग्रामीणों ने हलका विधायक एवं परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार को परेशानी बताकर सुबह के समय क्षेत्र के कैत गांव से बेटियों के लिए एक विशेष बस चलवाई थी। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त बस सेवा एक सप्ताह चलने के बाद फिर बंद हो गई। सुमन, पिंकी, स्वाती, अंजू, कोमल, रीना, गीता, रेणू, पूजा, अर्चना, प्रीति, प्रियंका व शीतल ने बताया कि क्षेत्र के गांव कैत, शाहपुर, इसराना व नौल्था के अलावा आसपास के कई गांवों से वे जिला मुख्यालय पर स्कूल, कॉलेजों व अन्य संस्थानों में शिक्षा ग्रहण करने जाती हैं। सुबह के समय बस की इंतजार में हाईवे पर खड़ा होना पड़ रहा है। पीछे से जो भी बस आती है, वे पहले से ही ओवरलोड होती हैं। बेटियों ने परिवहन से आग्रह किया है कि वे स्वयं आकर इसराना के हालात देखे कि वे किस तकलीफ से रोजाना गुजर रही है। क्षेत्र की बेटियों ने क्षेत्र से जिला मुख्यालय के लिए विशेष अतिरिक्त बस सेवा चलाने की मांग परिवहन मंत्री से की है।
फोटो-2