अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। इनेलो के युवा चलो चौपाल कार्यक्रम के तहत युवा सांसद दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को जिले के छह गावों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी। लेकिन, एक वित्त वर्ष के दौरान मात्र डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार दिया गया। आज नौजवान सबसे ज्यादा ठगा महसूस कर रहा है। सरकार न तो शिक्षा का स्तर बढ़ा पाई और न ही खेलकूद के लिए कोई विशेष सुविधा दे पाई। तीन साल पहले रोजगार देने के जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि इनेलो प्रदेश में स्थापित निजी कंपनियों से शिक्षित युवाओं को रोजगार देने की मांग करेगी। मांग पूरी न करने पर धरना दिया जाएगा।
दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को गांव डिकाडला, बुआना लाखू, कुराना, जाटल, रिसालू और गांव जलालपुर का दौरा किया। गांव जाटल में मंच संचालन कृष्ण भौक्कर ने किया। सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मेक इन इंडिया की बात हो या स्टार्ट अप इंडिया की, भाजपा ने धरातल पर कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जमीन पर कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां हैं, लेकिन इनमें हरियाणा के बहुत कम युवाओं को रोजगार दिया गया है। गुड़गांव बड़ा औद्योगिक शहर है, लेकिन वहां 17 लाख रोजगारों में से हरियाणा का हिस्सा नाम मात्र का है। फैक्ट्री मालिक हरियाणा के युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति सचेत होने के चलते रोजगार नहीं दे रहे। व्हाइट कॉलर की नौकरियों में प्रदेश के युवाओं की पूरी तरह से अनदेखी की जाती है। इनेलो शिक्षित और ट्रेंड युवाओं को गांव स्तर पर संगठित करेगी। उनके रिज्यूम लेकर कंपनियों से रोजगार देने की मांग करेगी। कंपनियों ने इनकार किया तो धरना दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पानीपत की कई बड़ी कंपनियों में यहां के युवाओं को महत्व नहीं दिया जा रहा। सरकार ने पिछले साल बड़े बिजनेश हाउस का सवा नौ लाख का एनपीए माफ किया है। लेकिन, किसानों को 4400 करोड़ माफ नहीं कर सकती। सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। इनेलो ने हमेशा कमेरा वर्ग की लड़ाई लड़ी है, जो भविष्य में भी जारी रहेगी। युवा शक्ति को पार्टी से जोड़ने का प्रयास जारी है। इस मौके पर उन्होंने लोगों से बिजली, राशन आपूर्ति की बारे में पूछा। ग्रामीणों ने कहा कि न पूरी बिजली मिल रही है और न ही समय पर राशन मिल रहा। गांव खुखराना के ग्रामीणों ने थर्मल व्लांट से उड़ने वाली राखी की भी शिकायत सांसद से की। इस पर उन्होंने कहा कि जो सरकार अपने नागरिकों के जीवन को खतरे में डाल रही हो उससे युवाओं को रोजगार की उम्मीद छोड़ देनी चाहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुरेश काला, युवा नेता देवेंद्र कादियान, हलका प्रधान कुलदीप राठी, प्रवक्ता एडवोकेट शेर सिंह खर्ब, महासचिव अंबरीश राणा, रणबीर मान, ऋषिपाल रावल, सज्जन सहरावत, कृष्ण अहलावत, सूबेदार प्रताप सिंह, राजू नांदल, रामनिवास पटवारी, निशान मलिक, रामभतेरी, गुरुचरण सिंह, बलवान वाल्मीकि, रामकुमार नंबरदार, उमेद जाटल, प्रवीण तोमर, अमरजीत, विद्यानंद, राम प्रकाश, नरेंद्र मान, सुरेंद्र शर्मा, विशाल मलिक, सुरेश, सतबीर, प्रवीण जागलान, जयदेव नौल्था, बलराज अटावला, अंकित देशवाल, लखपत रोड़, बलबीर सिंह जागलान, रणबीर जोशी, कप्तान कवी और संदीप सिंह मौजूद रहे।