कार-बाइक की भिड़ंत में दो श्रमिकों और किसानों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम ना लगने से आए दिन सड़क पर हादसे हो रहे हैं। ऐसे ही दो हादसे वीरवार को सामने आए। जब तेज रफ्तार से आ रही कारों ने बाइक सवार श्रमिकों और किसान को टक्कर मार दी। घायलों की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस नं 1 : खलीला प्रहलादपुर के दिनेश ने बताया कि वीरवार को वह भाई यशपाल (30) के साथ आठ मरला चौक पर मजदूरी करने के लिए आया था। शाम लगभग 7:30 बजे वे दोनों साथियों के साथ अलग-अलग बाइकों पर घर लौट रहे थे। तभी गोहाना रोड ओवरब्रिज पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने यशपाल की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार यशपाल और शिवकुमार(27) निवासी खलीला प्रहलादपुर घायल हो गए। आरोपी कार चालक ने कार रोक उनकी हालत देखी और कुछ देर बाद भीड़ का फायदा उठा फरार हो गया। दिनेश ने राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायलों को उपचार के लिए पहले खानपुर और फिर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान यशपाल और शिवकुमार की मौत हो गई।
केस नं. 2 : कवि गांव निवासी जयबीर ने बताया कि उसका चचेरा भाई सुरेंद्र निवासी कवि वीरवार दोपहर 3 बजे बाइक पर सवार होकर किसी काम से मतलौडा जा रहा था। रास्ते में ढांडा पोल्ट्री फार्म के पास एक तेज रफ्तार की कार ने उसके बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार सुरेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं आरोपित कार चालक मौका देख कार सहित फरार हो गया। जयबीर ने राहगीरों की मदद से घायल सुरेंद्र को उपचार के लिए पास स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मतलौडा थाना पुलिस ने आज्ञात आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।