दो सप्ताह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए विवेक का तालाब में बोरी में बंधा मिला शव
इसराना। गांव लोहारी से दो सप्ताह पूर्व लापता हुए 18 वर्षीय विवेक उर्फ चेतन का शव गली सड़ी अवस्था में गांव के पास तालाब में एक बोरी में बंधा हुआ मिला है। विवेक के लापता होने पर परिजनों की शिकायत पर सही ढंग से कार्रवाई न किए जाने से शव मिलने पर ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा नजर आया। परिजनों व ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, शव का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई में करवाने तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव उठाने से इंकार कर दिया। इस मामले में इसराना पुलिस थाने के एक एएसआई पर आरोपियों के साथ मिली भगत होने के आरोप लगाने पर मौके पर पहुंचे एसपी ने एएसआई सुभाष को सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच सीआईए को सौंप कर एसआईटी गठित कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक की टीम से कराया जाएगा।
बता दें कि गांव लोहारी से दो सप्ताह पूर्व 18 वर्षीय विवेक उर्फ चेतन संदिग्ध परिस्थियों में लापता हो गया था। परिजनों ने मामले की शिकायत थाना इसराना पुलिस को दी थी। वीरवार को विवेक का शव गांव के तालाब से बोरी में बंधा हुआ मिला। विवेक का शव मिलने पर परिजनों पर मानों दुख का पहाड़ टूट पड़ा। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे इसराना थाना प्रभारी आशीष कुमार को ग्रामीणों के गुस्से व विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी सतीश कुमार के समझाने पर भी ग्रामीणों ने मौके से शव को नहीं उठाने दिया। ग्रामीण व परिजन मौके पर एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। करीब 3 बजकर 40 मिनट पर एसपी सुमित कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने एसपी के सामने इसराना थाना के एएसआई सुभाष को सस्पेंड कर एएसआई के खिलाफ कार्रवाई करने, शव का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक कराने व मामले की सही व निष्पक्ष ढ़ंग से पड़ताल करने व आरोपियों को जल्द दबोचने की बात कही। एसपी ने ग्रामीणों को आश्वाश्त किया कि एएसआई सुभाष को सस्पेंड कर दिया गया है, एएसआई की इस मामले में जांच कराई जाएगी। पूरा मामला सीआईए को दे दिया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक कराए जाने की बात पर ग्रामीणों ने शव को उठाने दिया।
गांव की एक महिला समेत तीन लोगों पर जताया था विवेक के अपहरण का शक
परिजनों के साथ ग्रामीणों का कहना है कि विवेक के लापता होने पर उन्होंने गांव की ही एक महिला समेत तीन लोगों पर अपहरण किए जाने का शक जताते हुए पुलिस को सूचित किया था। इसराना पुलिस ने दो सप्ताह पूर्व सुनीता वासी लोहारी की शिकायत पर उसके बेटे विवेक उर्फ चेतन के लापता होने पर आईपीसी की धारा 346 के तहत मामला दर्ज किया था। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस अगर उनकी बात को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करती तो शायद विवेक बच सकता था।
एएसआई पर पीड़ित परिजनों को धमकाने का आरोप
मृतक विवेक के परिजनों का आरोप है कि विवेक के लापता होने के मामले में इसराना पुलिस के एएसआई सुभाष ने आरोपियों के साथ मिल कर परिजनों को धमकाया भी था। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित : एसपी
एएसआई सुभाष को सस्पेंड कर दिया गया है, एएसआई की इस मामले में जांच कराई जाएगी। पूरा मामला सीआईए को दे दिया गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में करवाया जाएगा।
सुमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, पानीपत।