फोटो संख्या-37
निगम चुनाव की सरगर्मी तेज, ईवीएम पहुंचीं
- माह के अंत तक लग सकती है चुनाव आचार संहिता, अक्तूबर के अंत में चुनाव की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। निगम ने वार्डबंदी के अनुसार मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया पूरी कर दी है। दूसरी ओर चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार फरीदाबाद में रखी गई ईवीएम को पानीपत लाया गया है। माना जा रहा है कि माह के अंत तक चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी।
चुनाव आचार संहिता लगते ही सभी विकास कार्यों पर विराम लग जाएगा। ऐसे में निगम सभी अपने होने वाले कार्यों को पूरा करने की प्रक्रिया में जुटा है। निर्माणाधीन साइटों का इस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। बहुत से काम के टेंडर आवंटित किए जा चुके हैं। इंजीनियरिंग विंग की ओर से लंबित कार्यों की समीक्षा की जा रही है।
गौरतलब है कि पानीपत नगर निगम में वार्डबंदी के अनुसार 24 वार्ड की जगह 26 वार्ड बनाया गया है। सवा तीन लाख मतदाताओं के बीच चुनाव होगा।
रोहतक, हिसार में भी पहुंची ईवीएम यमुनानगर में पहुंचेगी आज
पानीपत, रोहतक, हिसार व यमुना नगर में नगर निगम चुनाव होना है। चारों जगह मेयर का चुनाव जनता की ओर से किया जाएगा। तीन जिलों में चुनाव आयोग की ओर से तय स्थान से ईवीएम को लाया जा चुका है। जबकि यमुनानगर में बुधवार को लाया जाएगा। चुनाव आयोग की ओर से ईवीएम की जांच व उसके प्रशिक्षण को लेकर पत्र सभी उपायुक्तों को लिखा जा चुका है। चुनाव आयोग की ओर से भेजे गए सभी उपायुक्त के पत्र में लिखा गया है कि ईवीएम को लेकर होने वाली प्रक्रिया को पूरा कराया जाए।