पानीपत। सेक्टर-12 स्थित ग्रीन पार्क के बाहर बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर आए एकाउंटेंट ने एक्टिवा पर सवार युवती की गर्दन पर स्कैलपल (सर्जिकल ब्लेड) से हमला कर दिया। इसके पश्चात उसने अपनी गर्दन काटकर आत्महत्या कर ली। युवती पर हमला करने से पहले एकाउंटेंट ने उससे कहा था कि तुमने अच्छा नहीं किया। इस हमले में युवती की जान बच गई, जबकि एकाउंटेंट की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक युवती ने शादी से इनकार कर दिया और युवक को थप्पड़ मारा था। इसके अलावा उसकी शिकायत महिला थाने में भी की थी, जिसके बाद से वह गुस्से में था। इसी के चलते उसने वारदात अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे जगजीवन राम कालोनी निवासी एकाउंटेंट राहुल (22) सेक्टर-12 स्थित ग्रीन पार्क पहुंचा। वहां एक युवती अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा से आई। उन्हें देखते ही राहुल उनकी एक्टिवा के सामने खड़ा हो गया और बोला किया तुमने अच्छा नहीं किया। इतने में उसने स्कैलपल निकाला और युवती के गले पर वार कर दिया। युवती की दो सहेलियों ने पुलिस को बताया कि हमला कर राहुल भागा और उसके पीछे लोग भी दौड़े। कुछ दूर जाने के बाद राहुल ने भागते हुए अपनी गर्दन भी स्कैलपल से काट ली और वहीं पर गिर गया। सहेलियां युवती को एक राहगीर की मदद से बिशन स्वरूप कालोनी स्थित एक निजी अस्पताल ले गईं। वहां उसका उपचार किया गया और बाद में उसे सामान्य अस्पताल में रेफर कर दिया गया। एकाउंटेंट राहुल को भी कुछ लोग सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। बाद में उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। साथ ही युवती के परिजन भी आ गए। युवती ने सेक्टर 11-12 पुलिस को दिए बयान में बताया कि युवक उसे परेशान करता था, उससे शादी करना चाहता था। मना करने पर उसने तैश में आकर पहले किसी धारदार हथियार से उसके गले पर हमला किया। इसके बाद युवक ने खुद की गर्दन भी काट ली। उधर, राहुल के परिजनों ने युवती पक्ष पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होेंने इसकी शिकायत पुलिस को दी है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने राहुल का शव परिजनों का सौंप दिया है।
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर मृतक राहुल के खिलाफ धारा 307 में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसके साथ ही युवक के परिजनों की शिकायत के आधार पर धारा 174 के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।