पानीपत। आचार संहिता के बाद शहर की खस्ताहाल सड़कों विकास कार्य शुरू हो चुके है। 32 टेंडरों में 29 कामों के वर्क आर्डर जारी होने के बाद उनके काम शुरू हो चुके हैं। शहर की मुख्य सड़कें बनने से शहर का सुंदरीकरण भी होगा। एक माह के अंदर इन सभी वर्क आर्डरों को पूरा कर दिया जाएगा। वहीं कुछ वर्क आर्डर ऐसे है, जिनमें छह माह तक की समय अवधि रखी गई है। इन सड़कों पर रोजाना हादसे होते थे, उनसे लोगों को छुटकारा मिलेगा।
जानकारी के अनुसार आचार संहिता हटते ही शहर के रुके विकास कार्यों में तेजी आ गई है। सेक्टर की मुख्य सड़कों को बनाने का काम शुरू हो गया है। यह सड़क सभी 12 करोड़ से अधिक की लागत से बनकर तैयार होंगी। आचार संहिता से पहले 29 कार्यों के वर्क आर्डर हो गए थेे, जिनको आचार संहिता का बहाना बनाकर रोक दिया था।
गौरतलब है कि शहरवासियों की लाख कोशिशों के बाद निगम के अधिकारियों ने टेंडर निकाले थे। जिनमें से कुछ के वर्क आर्डर भी हो चुके थे। उनके पास टाइम था कि वह 15 दिन के अंदर अपना काम शुरू कर देंगे, लेकिन आचार संहिता लगने के बाद ठेकेदारों ने अपनी मनमानी करनी शुरू कर दी थी। ठेकेदारों ने लोगों को कहना शुरू कर दिया कि अभी तो आचार संहिता लगी हुई, अब तो आचार संहिता के बाद ही काम शुरू पाएगा। शहरवासियों ने कहा कि इतनी कोशिश के बाद वर्कआर्डर जारी हुए थे, लेकिन ठेकेदार की मनमर्जी के आगे पार्षद व निगम के अधिकारी भी कुछ नहीं कर पा रहे है। अब उन्होंने सभी मुख्य सड़कों को बनाने का काम शुरू कर दिया है। नगर निगम के एसई रमेश बांगड़ी ने बताया कि वर्क ऑर्डर पर काम शुरू हो चुका है, जल्द ही सड़कों को बना दिया जाएगा।
उद्यमियों को मिलेगी राहत, वर्षो की मेहनत के बाद अब हुआ काम शुरू : उद्यमियों के बड़े संघर्ष के बाद इंडस्ट्रियल सेक्टर की दो बड़ी सड़कों का वर्क आर्डर होने के बाद उनके मरम्मत कार्य को शुरू कर दिया है। इससे उद्यमियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दे रही है। सेक्टर 29 बाईपास और सेक्टर 25 हनुमान मंदिर रोड इन सड़कों पर रोजाना हादसे होते रहते थे, इन दौनों सड़कों की खस्ता हालत समस्या को दूर करने के लिए निगम ने आचार संहिता से पहले 3 करोड़ 84 लाख रुपये के वर्क आर्डर निकाले थे, जिसके बाद अब उनका काम अभी तक शुरू हो गया है।
ये थे वह सात महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट जिन पर काम होना है जल्द शुरू
1. खादी आश्रम के सामने सेक्टर 25 हनुमान मंदिर रोड का 1.17 करोड़ रुपये का टेंडर हुआ था, जिसको 10 से 15 दिन के अंदर शुरू करना था, लेकिन आचार संहिता के बाद अब जल्द काम शुरू हो जाएगा।
2. सेक्टर 29 बाइपास रोड का 2.67 करोड़ रुपये का टेंडर हुआ था। ठेकेदार को यह निर्माण कार्य 15 दिन के अंदर शुरू करना था, यह भी आचार संहिता के कारण रुक गया था, लेकिन अब यह शुरू हो गया है।
3. सेक्टर 13/17 हैलीपेड़ एरिये का 2.49 करोड़ रुपये का वर्क आर्डर हुआ था, यह काम भी शुरू जल्द शुरू हो जाएगा।
4. सेक्टर 13/17 और बीच पड़ी के बीच बरसत रोड का 1.42 करोड़ रुपये का वर्कआर्डर हुआ था, मशीन, रोड रोलर व अन्य सामग्री पहुंच गई है, जल्द यह काम भी शुरू हो जाएगा।
5. सेक्टर 29 पार्ट वन में ड्रेनेज सिस्टम 2.82 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होना था, लेकिन यह अभी शुरू नहीं हुआ है।
6. वार्ड 24 में सड़क निर्माण 38.89 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार होनी थी, इसका काम भी 15 दिन के अंदर शुरू करना था और इसकी समय सीमा छह माह तक है, इस कार्य शुरू हो चुका है।
7. वार्ड 11, 12, 16 और 26 में 58.84 लाख रुपये का काम होना था। जिसकी समय सीमा एक माह तक अंतिम थी, लेकिन ठेकेदार ने आचार संहिता का बहाना लेकर रोक दिया, लेकिन अभी इन सभी जगहों पर काम की रफ्तार बढ़ चुकी है, जल्द यह बनकर तैयार हो जाएंगे।
4 जून को खुलेंगे टेंडर, जो आचार संहिता से पहले नहीं खुले
1. नालो को सीवर से जोड़ने के लिए निगम ने 70.28 लाख का टेंडर निकाला था। जो सिंगल बिड था। इस कारण 8 मार्च को टेंडर नहीं खुला। चार जून को यह टेंडर खुल जाएंगे।
2. मित्तल मॉल रोड, सेक्टर 29 पार्ट-1 सड़क सिंगल बिड होने के कारण मित्तल मेगा मॉल रोड और सेक्टर 29 पार्ट 1 की मुख्य सड़क पर काम नहीं हो सकेगा, लेकिन इनके टेंडर को भी अब खोल दिया जाएगा।