एसएसआई जयबीर सिंह बने उरलाना कलां चौकी इंचार्ज
आरोपी प्रदीप व सागर ने बच्ची के साथ दुराचार कर दी थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/मतलौडा।
उरलाना कलां चौकी की जिम्मेदारी एएसआई जयबीर सिंह को सौंपी है। जयबीर सिंह पुलिस लाइन में तैनात थे। वे इससे पहले बस स्टैंड व सेक्टर-29 चौकी में इंचार्ज रह चुके हैं। पुुलिस ने इन सबके बीच दुराचार व हत्या के दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों के डीएनए को लेकर सैंपल लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने उरलाना कलां चौकी पर एएसआई जयबीर सिंह को लगाया। एएसआई जयबीर ने बुधवार दोपहर बाद ही चौकी में कार्यभार संभाल लिया। उनके साथ चौकी में फिलहाल सात-आठ मुलाजिम और लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बाकी कर्मियों को भी जल्द ही देने की बात कही है। विदित है कि डीजीपी बीएस संधू ने मंगलवार को एसपी ऑफिस में मीडिया से रूबरू होते वक्त उरलाना कलां चौकी के ड्यूटी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया था। जबकि चौकी प्रभारी रामेश्वर दत्त समेत 11 मुलाजिम को लाइन हाजिर कर था। चौकी प्रभारी जयबीर सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा व क्षेत्र में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। किसी भी अपराधी को बख्शा नही जाएगा।
दोनों आरोपियों के डीएनए के सैंपल लेकर न्यायिक हिरासत में भेजे
पुलिस ने 12 साल की बच्ची की दुराचार के बाद हत्या के दोनों आरोपियों प्रदीप व सागर को कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों के डीएनए के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। विदित है कि प्रदीप व सागर ने 13 जनवरी की रात को गांव की 12 साल की बच्ची की दुराचार के बाद हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दुराचार व हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया था।