बाइक सवार बदमाशों ने डंपर चालक से 15 हजार लूटे
पानीपत। बरसत रोड गांव पलहेड़ी के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने डंपर चालक की धुनाई कर दी और उससे 15 हजार रुपये लूट ले गए। घायल डंपर चालक को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया। सूचना पर पहुंची थाना सदर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार गांव राणा माजरा निवासी खुर्शिद डंपर चालक के तौर पर काम करता है। खुर्शिद ने बताया कि बुधवार की देर रात को वह डंपर लेकर बरसत रोड पर जा रहा था। देर रात गांव पलहेड़ी पहुंचने पर बाइक सवार बदमाशों ने डंपर के आगे बाइक अड़ाकर झगड़ा करने लगे। उसके बाद भी बदमाशों ने डंपर में पड़ा सरिया निकाला और उस पर हमला कर दिया। इस हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। दूसरे वाहन को आता देखकर हमलावर उससे 15 हजार रुपये लूटकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। राहगीरों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। थाना सदर प्रभारी धर्मबीर सिंह ने बताया कि घायल डंपर चालक के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है।