राजेश हत्याकांड : परिजनों ने एसपी को लगाई न्याय की गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गांव डाडोला के कुछ ग्रामीणों ने सोमवार को लघु सचिवालय में पहुंचकर एसपी से मिलकर युवक की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों के साथ साठ-गांठ कर हत्या के केस से बाहर निकाल दिया है। अब आरोपी परिजनों को धमकी दे रहे हैं। एसपी ने परिजनों को निष्पक्षता से जांच करवाने का आश्वासन दिया है।
गांव डाडोला निवासी कमलेश ने एसपी के नाम दी शिकायत में बताया कि 13 मई 2017 को गांव के ही कपिल, प्रवीन, आशु व अशोक रात करीब 11 बजे उसके घर आए और उसके पति राजेश को बुलाकर अपने साथ ले गए। ये लोग पानीपत के किसी होटल में पहुंचे और उसके पति की करंट लगाकर हत्या कर दी। आरोपियों ने उसके देवर के पास फोन कर बताया कि राजेश गोहाना रोड अस्पताल में दाखिल है। वे लोग अस्पताल पहुंचे तो राजेश की मौत हो चुकी थी। आशु व अशोक ने उसके पति से पैसे लिए थे। आरोप है कि पैसे देने से बचने के लिए उसके पति की करंट लगाकर हत्या की गई। इस मौके पर प्रवीन, सतीश, सतबीर सिंह, भीम सिंह, सुरेंद्र, कविता, वीना, ममता, सरोज, वीरभान, सूरजभान, संदीप व अजमेर मौजूद रहे।