माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। भाजपा की ओर से शनिवार को शौर्य दिवस पर पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज के कार्यालय में थ्रीडी वर्चुअल केंद्र की स्थापना की। पहले दिन 150 लोगों ने वर्चुअल माध्यम से श्रीराम भूमि व मंदिर के दर्शन किए।
उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ कारसेवक शामिल हुए। वरिष्ठ कारसेवक राजीव भाटिया ने बताया कि उस समय उत्तर प्रदेश ने उन पर पाबंदियां लगा दी थी। फिर भी कारसेवकों का उत्साह कम नहीं हुआ। बाबरी मस्जिद का ढांचा रामलला के मंदिर के लिए गिराया था। शौर्य और उत्साह का दिन है कि रामलला का मंदिर बन गया और प्रभु श्रीराम अपने मंदिर में विराजमान हो गए हैं।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम का मंदिर हमारी पावन संस्कृति का प्रतीक है। श्रीराम देश की सांस्कृतिक चेतना के केंद्र बिंदु हैं। प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में एक बार अयोध्या में श्री रामलला के दर्शन के लिए जाना चाहिए और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। वर्चुअल केंद्र सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर बाद तक खुला रहेगा। इस अवसर पर सतनाम नंदा, अनिल मित्तल, प्रमोद कुमार, सुनील सोनी, दिवाकर मेहता, पवन अरोड़ा, दीपक सलूजा, कैलाश नारंग, राजीव रंजन, हुकम चंद मेहता, प्रवीन मदान, प्रेम चावला, मेयर कोमल सैनी के पति दिनेश सैनी मौजूद रहे।