-पुलिस का दावा-चौथे आरोपी को भी जल्द किया जाएगा गिरफ्तार
फोटो- 3 व 4
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सीआईए-वन ने डेरा प्रमुख के दोषी करार देने के बाद शहर में लूटपाट व आगजनी की योजना बनाने वाले तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार दोपहर पानीपत टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान चौथे आरोपी के बारे में पूछताछ की जाएगी। पहले गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है। दोनों को दो दिन के रिमांड के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पानीपत में सरकारी संपत्ति को आग के हवाले कर दंगा भंडकाने के ममले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को सीआईए वन ने रविवार दोपहर को जीटी रोड टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान सूरज निवासी नूरवाला के रूप में दी है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान इसके चौथे साथी सेक्टर-छह निवासी प्रिंस के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर ले चुकी है। दो दिन के रिमांड के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
यह है मामला
सीआईए-वन को गुप्त सूचना मिली थी कि डेरा प्रमुख के चार अनुयायी टीडीआई फ्लाईओवर पर लूट की नीयत से खड़े हैं और वे फिर रात को पानीपत में सरकारी संपत्ति को आग के हवाले कर दंगा भड़काने की फिराक में हैं। सीआईए प्रभारी ने सब-इंस्पेक्टर राजपाल की अगुवाई में एएसआई कृष्ण व सिपाही दिनेश की टीम बनाई और टीडीआई फ्लाईओवर के पास शुक्रवार रात करीब 11 बजे दबिश दी। वहां दो बाइकों पर खड़े चार युवकों ने पुलिस पार्टी को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस पार्टी ने चारों को पकडने का प्रयास किया। पुलिस पार्टी ने एक बाइक पर सवार दो युवक को दबोच लिया, जबकि दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से चाकू व चिल्ली स्प्रे बरामद किया था। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान रिंकू व टीटू निवासी रजापुर पानीपत के रूप में दी थी।
वर्जन
लूटपाट व आगजनी की योजना बनाने के तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को रविवार को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान फरार चल रहे चौथे आरोपी का भी पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया हुआ है। जिन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
संदीप कुमार, प्रभारी, सीआईए-वन पानीपत।
विष्णु-जगमहेंद्र