माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला सचिवालय सभागार में वीरवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में नागरिकों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 14 समस्याएं उठाईं। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने इन शिकायतों को सुनने के बाद संबंधित विभागाध्यक्षों को उनके त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी भी नागरिक को अपनी जायज समस्या के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल शिकायतें दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान करना जरूरी है।अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना ही प्रशासन का मुख्य दायित्व है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ता को उसकी समस्या पर की जा रही विभागीय कार्रवाई की समय-समय पर जानकारी दी जाए ताकि प्रशासनिक पारदर्शिता बनी रहे। एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ. किरण और सीटीएम टीनू पोसवाल ने भी अधिकारियों को लंबित मामलों का संवेदनशीलता से निपटारा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीडीपीओ राजेश शर्मा, निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी मौजूद रही।