सीएम मनोहर लाल ने भूपेंद्र हुड्डा को दिया जवाब, बोले: हम तो ड्रम बीटर सही, आप तो लैंड लूटर हो
पानीपत। राजस्थान, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में हार के बाद भाजपा प्रदेश में अधिक सक्रीय हो गई है। भाजपा ने प्रदेश में पांचों जिलों में नगर निगम चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को सीएम मनोहर लाल, शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा व परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने पानीपत के नूरवाला में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने यहां पर कांग्रेस व इनेलो पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि हम तो ड्रम बीटर ही सही। कम से कम ढोल वादक अपनी मेहनत की रोटी खाता है। मेहनत कर अपने परिवार को पालता है, लेकिन आप तो लैंड लूटर हो। जिसके खिलाफ भ्रष्टाचार के केस चल रहे हैं।
सीएम मनोहर लाल ने यहां मध्य प्रदेश, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में चुनाव में मिली हार पर कहा कि ये कांग्रेस की जीत है, लेकिन यहां बीजेपी हारी नहीं है। कांग्रेस का वोट प्रतिशत 0.1 प्रतिशत अधिक है, लेकिन भाजपा को मध्य प्रदेश में कांग्रेस से 46 हजार वोट अधिक मिले हैं। मिजोरम में कांग्रेस बुरी तरह हारी है। उनके सीएम भी अपनी सीट गवा बैठे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व की सरकार ने प्रदेश में भ्रष्टाचार किया है। प्रदेश को उन्होंने भय के माहौल में धकेल दिया था। अब प्रदेश में एक तरह सुशासन है और दूसरी और दुशासन है। प्रदेश में नगर निगम चुनाव में कांग्रेस व इनेलो मिलकर भाजपा के प्रत्याशियों को हराने की कोशिश कर रही है, लेकिन प्रदेश में सभी जगहों पर भाजपा का मेयर बनेगा। कांग्रेस में नगर निगम चुनाव में सिंबल पर लड़ने की हिम्मत ही नहीं है। हार से डरी हुई है। उन्होंने प्रदेश के बुजुर्गों से अपील की कि वो नए वोटरों को समझाएं और बताएं कि प्रदेश में इससे पहले की सरकारें कैसी थी। उन्होंने इनेलो पर निशाना साधते हुए कहा कि अब एक परिवार की दो पार्टियां हो गई है। उनकी लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ है। शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा ने भी कांग्रेस व इनेलो पर जमकर निशाना साधा और भाजपा के मेयर प्रत्याशी के लिए वोट की अपील की।