पानीपत। बबैल रोड स्थित शिवनगर में गंधक और पोटाश पीसते समय विस्फोट होने से एक किशोर बुरी तरह झुलस गया। किशोर का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सक के अनुसार किशोर 50 प्रतिशत तक झुलस चुका है। उसकी जान खतरे में बताई जा रही है। मां ने श्रीराम स्टील के मालिक भाइयों पर इसका आरोप लगाया है। दोनों के खिलाफ किला थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पर 9बी विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
बबैल रोड शिवनगर निवासी सुधा ने बताया कि उसके छह बच्चे हैं। जिनमें चार बेटी और दो बेटे हैं। पांचवें नंबर का बेटा 13 वर्षीय शिवा है। वह पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। उनके पड़ोस में श्रीराम स्टील के नाम से दुकान है। जिसको जगबीर और जगपाल चलाते हैं। जगपाल वार्ड-छह से पार्षद पद का चुनाव लड़ने की तैयारी में है। उनका आरोप है कि छह नवंबर को दोपहर ढाई बजे उसका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच जगबीर व जगपाल ने बुला उसको पीसने के लिए गंधक और पोटाश दे दी। इन दोनों में गांठे बनी थी। शिवा इनको पीसने लगा तो विस्फोट हो गया और वह बुरी तरह झुलस गया। उसको स्थानीय लोगों ने सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने डायल 112 पर फोन कर हादसे की सूचना दी।
आरोपियों का काम बारूद बेचना
मां ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों का बारूद बेचना है। यह विस्फोट भी आरोपियों की वजह से हुआ है। आरोपियों ने बेटे को करीब एक किलोग्राम पोटाश और गंधक दिया था। आरोपियों की वजह से उसका बेटा जिंदगी और मौत के बीच लड़ रहा है।
दुकानदार ने आरोप बताए निराधार
श्रीराम स्टील दुकान के मालिक जगपाल ने बताया कि उस पर लगाए गए आरोप निराधार है। जिस वक्त हादसा हुआ। वह उस वक्त अपने भाई के साथ गांव में था। उन्होंने गांव में हवन कराया हुआ था। उनका काम अलमारी, बेड, शीशा बेचने का है। वह विस्फोटक सामग्री नहीं बेचते हैं। बच्चा कहीं और से लेकर आया होगा।
वर्जन
पीड़ित मां की शिकायत पर जगपाल और जगबीर के खिलाफ 9बी फिस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है, मामले की जांच शुरू कर दी है।
- महावीर सिंह, प्रभारी, किला थाना पुलिस।