पानीपत। जीटी रोड पर नांगलखेड़ी के पास एक तेज रफ्तार कार चालक ने 13 लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी व दो साल के बच्चे सभी 13 लोग घायल हो गए। इनमें नौ महिलाएं शामिल हैं। वे सब सेक्टर 29 पार्ट टू में अपने परिचित के घर जन्मदिन की पार्टी में जा रहे थे और यहां पैदल ही जीटी रोड पार कर रहे थे। आरोपी कार चालक ने राहगीरों की मदद से इनको जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। यहां से इलाज के बाद 13 को डिस्चार्ज कर दिया गया। एक महिला की हालत को देखते हुए उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे की शिकायत सेक्टर 29 पुलिस थाना में दी गई है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा मंगलवार रात का है। सेक्टर-29 पार्ट टू निवासी राजपाल अपने पांच साल के बेटे के जन्मदिन पर पार्टी कर रहा था। इसमें उनके परिचित नांगलखेड़ी निवासी पिंकी, सतबीरी, अशोकपाल, सितेंद्र, विकास नगर निवासी आयशा, रीटा, नरगिस, नीलम, सुभाष, सीमा व वैभव, धूपसिंह नगर निवासी अखिलेश्वर व उसकी पत्नी सीमा ग्रिल कूदकर जीटी रोड पार कर रहे थे। अचानक दिल्ली की तरफ से आई कार ने इनको टक्कर मार दी। हादसे में सभी घायल हो गए। कार चालक पट्टीकल्याणा गांव निवासी महाबीर ने अपनी कार रोकी और सभी घायलों को निजी वाहन से जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। वह चार लोगों को अपनी कार में अस्पताल लेकर पहुंचा। रात भर सबका यहां इलाज चला। सुबह छह बजे सबको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे में सतबीरी को काफी चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने उसे इलाज के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। सभी घायल सेक्टर 29 में ही फैक्ट्री में काम करते हैं।
अचानक से सभी लोग जीटी रोड पर आए-
कार चालक पट्टीकल्याणा गांव निवासी महाबीर ने बताया कि वह अपनी कार में करीबन आठ बजे निजी काम से पानीपत आ रहा था। नांगखेड़ी गांव के पास अचानक से यह लोग ग्रिल कूदकर जीटी रोड पर आ गए। उसने कार के ब्रेक भी लगाए लेकिन कार असंतुलित हो गई और इनसे टक्कर हो गई। वह घायलों को स्वयं अस्पताल में लेकर आया है।
वर्जन-
सेक्टर 29 पुलिस थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई थी। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए हैं । पूरे मामले की जांच की जा रही है।