डांस विजेता छात्रा को स्कूटी देने के नाम ऐंठे 21 हजार 720 रुपये, पुलिस को दी शिकायत
पानीपत। बेटी मेरी सुपर स्टार की विजेता छात्रा को एक निजी कंपनी द्वारा इनाम के रूप में एक्टिवा देने की घोषणा की गई थी। 21 अक्टूबर को विजेता छात्रा डांसर का नाम घोषित तो किया गया, लेकिन विजेता बनने के 2 माह से भी ज्यादा समय बीत जाने पर उक्त कंपनी ने छात्रा विजेता को उसकी इनाम की स्कूटी नहीं दी। साथ ही उक्त कंपनी ने छात्रा के परिजनों से स्कूटी की जीएसटी, आरसी और इंश्योरेंस के नाम पर 21 हजार 720 रुपये की नकदी भी ले ली। इनाम ना मिलने व खुद के साथ ठगी हो जाने पर परिजनों ने कृष्णपुरा चौकी पुलिस को लिखित तौर पर उक्त कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी करने की शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी। यह है मामला
शहर में अनेकों डांस अकादमी है। इन्हीं में एक अकादमी राधे डांस अकादमी भी है। जिसका संचालक राधे पंचाल है। राधे ने बेटी मेरी सुपरस्टार व सुपर मोम चैप्टर-टू नामक दो डांस कार्यक्रम आयोजित करवाए। इस कार्यक्रम में गोहाना रोड स्थित एलके होंडा नामक एजेंसी ने विजेता बेटी को एक स्कूटी देने का भी ऐलान किया था। दोनों कार्यक्रमों में जिले भर की बेटियों व माताओं के डांस ऑडिशन लिए। इन ऑडिशन में कई पड़ाव थे। जिसका फाइनल रिजल्ट 21 अक्टूबर को घोषित किया गया। जिसमें समालखा के ढोढ़पुर गांव की 17 वर्षीय छात्रा जैसमिन पुत्री अशोक कुमार विजेता रही। इसी दिन स्टेज से विजेता छात्रा को शहर की कई संस्थाओं के सदस्यों सहित राधे डांस एकेडमी के संचालक व एलके होंडा से ललित गोयल ने स्कूटी की चाबी देकर उसको सम्मानित किया। गौरतलब है कि कैमरों के सामने फोटो खिंचवाने के बाद छात्रा से स्कूटी की चाबी ले ली गई। उस दौरान छात्रा को स्कूटी के कागजी कार्रवाई पूरी हो जाने पर जल्द ही स्कूटी देने का आश्वासन दिया था। लेकिन मामले में कई दिन बीत जाने के बाद परिजन डांस अकादमी संचालक व स्कूटी एजेंसी के सदस्य से मिले। जिन्होंने हर बार उनको जल्द ही स्कूटी देने की बात कही। मंगलवार को राधे डांस अकादमी के संचालक राधे के भाई नीरज ने विजेता को परिजनों सहित गोहाना रोड स्थित एलके होंडा एजेंसी में बुलाया। दोपहर 2 बजे विजेता छात्रा जैसमीन, मां सरिता व पिता अशोक कुमार वहां पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद एजेंसी के मैनेजर विशाल शर्मा ने परिजनों को 21 हजार 720 व एक एफिडेविट जमा करवाने की बात कही। मैनेजर ने एफिडेविट में परिजनों से लिखित तौर पर लिया कि उनको एक्टिवा दे दी गई। पैसे दे जाने के बाद भी उनको एक्टिवा नहीं मिली। परिजनों ने नकदी रुपए लेने की बात पूछी, जिस पर ललित गोयल ने ये रुपये स्कूटी के जीएसटी ,आरसी व इंश्योरेंस के लिए लेने के बारे में बताया। शाम 6:30 बजे तक भी उक्त लोगों ने उनको स्कूटी नहीं दी। इसके बाद नाराज परिजनों ने एक लिखित तौर पर धोखाधड़ी की शिकायत कृष्णपुरा चौकी पुलिस को दी। जिसमें एलके होंडा एजेंसी के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत मुकदमा दर्ज करने उन पर कार्रवाई करने की मांग रखी। साथ ही मामले में राधे डांस अकादमी में शामिल होए पाए जाने पर
उन पर भी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
स्कूटी एजेंसी व डांस अकादमी संचालक ने नहीं दिया फोन का जवाब
एलके होंडा एजेंसी के ललित गोयल व राधे डांस अकादमी के संचालक राधे पांचाल को कई बार फोन मिलाया गया। गोयल के पास व्हाट्सएप पर मेसेज भी किया गया, जिस पर उन्होंने 30 मिनट बाद बात करने की बात कही। लेकिन देर रात तक भी उनका फोन नहीं आया।
दोनों के बयान ले लिए गए है:
ललित गोयल व राधे के बयान ले लिए गए है। दोनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
- बलजीत सिंह, कृष्णपुरा चौकी प्रभारी, पानीपत।