पॉलिथीन मुक्त अभियान : एसडीओ और तहसीलदार को दुकानदारों ने खदेड़ा
अधिकारियों के साथ धक्कामुक्की भी की, दो थानों की पुलिस बुलाकर सामान जब्त किया, ठोका जुर्माना
-प्रशासन की कार्रवाई व दुकानदारों के गुस्से के कारण 45 मिनट तक सनौली रोड पर यातायात रहा बाधित
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। पॉलिथीन मुक्त अभियान के पहले ही दिन डिस्पोजल, थर्मोकॉल के गिलास व पॉलिथीन पकड़ने गए एसडीओ व तहसीलदार को दुकानदारों ने खदेड़ा दिया। दुकानदारों ने अधिकारियों के साथ धक्कामुक्की है। अधिकारियों ने फोन कर मौके पर पुलिस बल को बुला लिया। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार दो थानों की पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिस की मदद से दुकानदार पर कार्रवाई की। दुकान से 50 किलोग्राम प्लास्टिक बरामद कर लिया गया। दुकानदार पर 25 हजार रुपये जुर्माना ठोक दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने दुुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर नगर निगम कमिश्नर को भी भेज दी है। देर शाम छह बजे तक मामले में कार्रवाई चलती रही। दोपहर को हुई इस कार्रवाई के बाद 45 मिनट तक यातायात भी बाधित रहा।
सनौली रोड स्थित बंसल ट्रेडर्स प्लास्टिक डिस्पोजल दुकान पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ संदीप कुमार व तहसीलदार कुलदीप मलिक प्लास्टिक बैन मुहिम के तहत छापेमारी की। इसको देखकर दुकानदार भड़क गए। दुकानदारों ने यहां पर तहसीलदार कुलदीप मलिक व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ संदीप को दुकानदार धक्का देने लगे। एसडीओ व तहसीलदार ने दुर्व्यवहार न करने के लिए दुकानदारों के साथ हाथ भी जोड़े लेकिन वे नहीं माने। दुकानदारों में आक्रोश बढ़ता देख तहसीलदार ने थाना शहर पुलिस व महिला थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी हेड क्वार्टर सतीश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुुंचे। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दुकान से प्लास्टिक डिस्पोजल को कट्टों में भर कर निगम की ट्राली में डाल कर ले जाया गया। मौके पर पुलिस कर्मियों द्वारा दुकान की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की गई। डीएसपी सतीश कुमार ने मामले की रिपोर्ट एसपी को भी भेज दी है।
दुकानदार का ये है आरोप
दुकानदार संजय बंसल का कहना है कि सोमवार सुबह उनकी दुकान बंद थी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ संदीप कुमार, तहसीलदार कुलदीप मलिक साथ वाली दुुकान की छत से उनकी दुकान के भीतर घुसे। उनके साथ भारी पुलिस बल भी था। दुकान के ऊपर ही मकान है। वहां बच्चे व महिलाएं मौजूद थे। पुलिस फोर्स को देखकर बच्चे व महिलाएं डर गईं। इसके बाद उन्होंने आते ही सभी के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। साथ ही कहने लगे कि तुम अवैध तौर पर डिस्पोजल बेच रहे हो, जो प्रतिबंधित है। इसके बाद उन्होंने दुकान को खंगालना शुरू कर दिया। इसके बाद वह बंद दुकान से डिस्पोजल का सामान जब्त कर ले गए।
ये बनाए गए हैं नियम
100 ग्राम पर पांच हजार रुपये जुर्माना
200 ग्राम पर 10 हजार रुपये जुर्माना
500 ग्राम पर 25 हजार रुपये जुर्माना
-----
एक अक्तूबर से पहले सभी दुकानदारों को नोटिस दे दिए गए थे। पॉलिथीन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध के लिए काम कर रहे हैं। टीमों का गठन कर दिया गया है। उनकी कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। जो दुुकानदार टीम के साथ दुर्व्यवहार करेगा, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
- सुमेधा कटारिया, जिला उपायुक्त