अमर उजाला ब्यूरो
सनौली। अनाज मंडी में गेहूं का उठान न होने से परेशान किसानों और आढ़तियों ने मंडी में जमकर हंगामा किया। मंडी में गेहूं डालने की जगह न मिलने, खरीदे गए गेहूं का उठान न होने, पेमेंट नहीं मिलने से नाराज किसानों और आढ़तियों ने बैठक कर मंडी में खडे़ होकर गेहूं खरीद एजेंसी व प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए नारेबाजी की ।
बापौली अनाज मंडी में गेहूं की बोरियों का उठान धीमी गति से होने से मंडी में गेहूं की पांच लाख बोरियों के ढेर लग गए हैं। कच्चे में गेहूं को उतारना पड़ रहा है। सनौली अनाज मंडी में दो लाख से अधिक कट्टे लगे हुए हैं। आढ़तियों व किसानों को गेहूं उतारने की जगह न मिलने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन बापौली के प्रधान सुलेख डिडवाडा, आढ़ती मौहकम सिंह, रकम सिंह, कटार सिंह, प्रेम सिंह दलीप कुमार, अशोक कुमार, ब्रह्मपाल, विजय आदि का कहना है कि मंडी में गेहूं खरीद एजेंसी हरियाणा वेयर हाउस एवं हैफेड विभाग को गेहूं का उठान कराने की मांग कर चुके है मगर सिवाय आश्वासनों के कोई हल नहीं हो रहा है। खरीदे गए 3 लाख क्विंटल गेहूं का अभी तक पेमेंट भी नहीं हुआ है। खरीद एजेंसी कहती है जब मंडी से गेहूं गोदामों में रखा जाएगा तभी उसकी पेमेंट की जाएगी। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर दो दिनों के अंदर गेहूं का उठान व पेमेंट नहीं दी गई तो वे मंडी का तोल बंद कर मंडी के गेट पर ताला लगा देंगे।
हरियाणा वेयर हाउस के संदीप धनखड़ का कहना है कि मंडी में अभी धीरे-धीरे उठान हो रहा है। गेहूं के उठान के लिए ठेकेदार को बोल दिया है जल्द ही उठान की समस्या हल कराई जाएगी। लेबर भी बढ़ाई हुई हैं। जल्द ही उठान की समस्या दूर हो जाएगी।
मंडी सचिव सुलतान सिंह का कहना है कि मंडियों में गेहूं उठान की समस्या हल करने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
फोटो संख्या- 39
गेहूं उठान न होने से परेशान किसानों और आढ़तियों ने किया हंगामा
- गेहूं का भुगतान व उठान न होने के कारण की नारेबाजी