दिल्ली के लिए बस, ट्रेन के न चलने से यात्री परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
डेरा प्रमुख को सजा सुनाई जाने के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से रोडवेज बसों का सोमवार को पहिया बंद रखा। वहीं दिल्ली-अंबाला व अंबाला-दिल्ली रूट पर एक या दो ही ट्रेन चल सकी। दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेनों के न चलने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर आकर वापस लौटना पड़ा।
पिछले पांच दिनों से बस व ट्रेन न चलने से यातायात पूरी तरह चरमराया हुआ है। सड़कों पर एक भी सरकारी व गैर सरकारी बसों का संचालन नहीं हो रहा है। वहीं तीन दिनों से हरियाणा से गुजरने वाली सभी ट्रेनों का संचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज जीएम एके डोगरा ने बताया कि डेरा प्रमुख को सुनाई जाने वाली सजा को लेकर सरकार की तरफ से नोटिस मिला था। जिसमें पूर्णरूप से डिपो बंद रखने और डिपो की सुरक्षा रखने के आदेश जारी किए गए थे। जिसके अनुसार ही सुरक्षा के प्रबंध किए गए। डिपो के दोनों गेटों पर ताला कर और बाहर पुलिस फोर्स तैनात किए गए।
ट्रेनों का डाउन रूट बंद तो अप चालू
सोमवार को ट्रेनों का डाउन रूट (अंबाला से दिल्ली) बंद रहा, वहीं अप (दिल्ली से अंबाला) चालू रहने से दिल्ली से अंबाला की और जाने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिली। लेकिन अंबाला से दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक लंबी दूरी को जाने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी रही। चूंकि छोटी दूरी तक तो अन्य प्राइवेट वाहनों के सहारे यात्री अपने गंतव्य तक पहुंच सकता है। लेकिन लंबी दूरी के लिए प्राइवेट वाहन मिलना बहुत मुश्किल है।
पानीपत स्टेशन पर गश्त रहेंगी जारी
पानीपत स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी अभी गश्त जारी रहेगी। स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को पूछताछ के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है। जीआरपी थाना प्रभारी बृजपाल राणा ने बताया कि पुलिस की गश्त जारी रहेंगे। जब तक उपर से कोई आदेश नहीं आ जाते लगातार चेंकिंग अभियान जारी रहेगा। रेलवे विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार से पूरी कोशिश है कि सभी गाडिय़ों का संचालन शुरू हो सके।
वर्जन
सोमवार को हरियाणा रोडवेज को पूर्ण रूप से बंद किया गया है। वहीं सुरक्षा को देखते हुए डिपो के दोनों गेटों पर ताला लगवा दिया है। बसों को चलाए जाने का जब उपर से नोटिस मिलेगा तभी ही बसों को डिपो से बाहर निकाला जाएगा।
- एके डोगरा, जीएम रोडवेज पानीपत।