पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को सुबह 10 बजे से स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा बीपी व शुगर समेत कई अन्य बीमारियों की भी जांच की गई, साथ ही चिकित्सकों के द्वारा मरीजों को जरूरी परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार लेने के लिए भी प्रेरित किया, साथ ही मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। संवाद
हवन में डालीं आहुतियां
पानीपत। मॉडल टाउन स्थित आर्य समाज में मंगलवार को सुबह नौ बजे हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगोंं ने भाग लिया। सभी ने परिवार सहित सुख-शांति के लिए हवन में आहुतियां डालीं। हवन की शुरूआत गायत्री मंत्र के साथ की गई, सभी ने ओम का उच्चारण भी किया, जिससे आर्य समाज का समस्त वातावरण ओम के उच्चारण से गूंज उठा। अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया। संवाद
श्रीराम मंदिर वार्ड-7 में किया हनुमान चालीसा का पाठ
पानीपत। वार्ड-7 स्थित श्रीराम मंदिर में मंगलवार को शाम छह बजे सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सभी ने परिवार की सुख-शांति के लिए हनुमान की पूजा-अर्चना की। इस दौरान सभी ने बजरंग बली की जय के जयकारे भी लगाए। जिससे समस्त मंदिर जयकारों से गूंज उठा।