हैवी वाहन पुलिस के सामने ही शहर में करते हैं एंट्री, जिस कारण लगता है जाम, पुलिस बाइक सवारों के चालान काटने में ही व्यस्त
पानीपत। शहर को जाम से निजात नहीं मिल पा रही। ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई महज बाइक सवारों के चालान काटने तक सीमित रह गई है। हर रोज बाइक चालकों के 180-200 चालान काटे जा रहे हैं, जबकि नियमों का उल्लंघन कर हैवी वाहन दिन दहाड़े शहर के अंदर एंट्री कर रहे हैं, लेकिन पुलिस इन पर कोई ध्यान नहीं दे रही। पुलिस के सामने से ही ये बड़े वाहन शहर में घुसते हैं। जिस कारण शहर में लंबा जाम लगा रहता है। ऑटो चालक भी मनमानी पर अड़े हैं। ये भी हाइवे पर कहीं भी ऑटो रोककर सवारियां चढ़ाते उतारते हैं। इस कारण सड़क हादसे का भय बना रहता है।
संजय चौक से आते हैं भारी वाहन
गंगापुरी रोड पर दिन में भारी वाहनों का जमावड़ा रहता है। दिन में यहां से वाहन निकलकर शहर में आते हैं। यहीं से सब्जी मंडी, बलजीत नगर नाका होते हुए वाहन सेक्टर-29 की तरफ आते हैं। जाटल रोड भी भारी वाहन शहर में रहे हैं, मगर पुलिस इनके आगे बेबस है।
स्काईलार्क के आगे ऑटो चालकों ने बनाया स्टैंड: ऑटो चालकों पर पुलिस की कार्रवाई का कोई असर नहीं होता। ऑटो चालकों ने अपनी मनमानी से स्काई लार्क के आगे स्टैंड बना लिया है। दिन में यहां पर 10-12 ऑटो जीटी रोड पर ही सवारियों के इंतजार में खड़े रहते हैं। आज तक ट्रैफिक पुलिस ऑटो के लिए स्टैंड की व्यवस्था नहीं कर पाई। ऑटो चालक शहर में किसी भी स्थान पर ऑटो रोककर सवारियां बैठाते उतारते हैं। यह शहर में जाम का बड़ा कारण है।
रेहड़ियां सामान से लदी रिक्शा भी जाम का कारण
दिनभर जीटी रोड पर रेहड़ियां सामन से लदी रिक्शा चलती हैं। इनके कारण भी यहां जाम की स्थिति रहती है। सामान से लदी रिक्शा जीटी रोड पर रेंगती रहती है। संजय चौक, गोहाना मोड़, लाल बत्ती, बस स्टैंड, सनौली रोड स्थित शिव चौक, रामलाल चौक रेलवे रोड के सामने पूरा दिन जाम रहता है। जाम के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पुलिस को ऐसे वाहनों पर अंकुश लगाना चाहिए।
हर चौक पर ऑटो चालक लगाते हैं जाम
प्रशासनऌभी शहर को जाम से निजात दिलाने में इच्छुक नहीं है। अगर प्रशासन चाहे तो शहर को 5 दिन में जाम से निजात मिल सकती है। शहर में दिन में हैवी वाहन घूमते हैं। हर चौक पर ऑटो चालक जाम लगाकर रखते हैं। जीटी रोड पर बसें रुकी रहती है। पुलिस बस बाइक चालकों के चालान काटने में ही व्यस्त रहती है। प्रशासन को सबसे पहले बसों, ऑटो जीप पर अंकुश लगाना होगा।
जाम से निजात का प्रयास
शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस के प्रयासों में कोई कमी नहीं है। भविष्य में जाम के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करती है।
महेंद्र सिंह, प्रभारी बाबरपुर ट्रैफिक पुलिस थाना प्रभारी