गोदाम की दीवार गिरी, हादसा टला
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। मॉडल टाउन कच्ची काबड़ी फाटक रोड के पास निर्माणाधीन नाले के किनारे गोदाम की दीवार गिर गई। हादसे के वक्त मजदूर नाला निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे बारिश के पानी को निकालने का प्रयास कर रहे थे। दीवार गिरने से मजदूर बाल-बाल बच गए। दीवार गिरने के बाद डबल स्टोरी गोदाम का लेंटर झुक गया। निर्माणाधीन नाले के किनारे दीवार गिरने की सूचना पर पहुंची थाना मॉडल टाउन पुलिस ने झुके लेंटर को देखते हुए उसे गिराने की कार्रवाई की। गोदाम मालिक ने नाला निर्माण कार्य करवा रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
मॉडल टाउन कच्ची काबड़ी रोड स्थित गैस गोदाम के पास नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। नाले किनारे ही अरुण सिंगला का वूल वेस्ट का गोदाम है। बताया जा रहा है कि नाला निर्माण के लिए जेसीबी द्वारा खुदाई की हुई है। सोमवार को हुई बरसात के बाद नाले के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। जिसके चलते गोदाम व शेड की दीवार गिर गई। गोदाम मालिक अरूण सिंगला का कहना है कि नाला निर्माण कार्य करवाने वाले ठेकेदार ने काम के दौरान लापरवाही बरती है। ठेकेदार की लापरवाही के कारण उसके गोदाम की दीवार व लेंटर गिरा है।
काबड़ी रोड पर गैस गोदाम के पास नाला निर्माण के दौरान गोदाम व शेड की दीवार गिर गई। गड्ढे में पानी निकालने का काम कर रहे कुछ मजदूर बाल-बाल बच गए। गोदाम मालिक ने ठेकेदार पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की कार्रवाई कर रही है।
राजकुमार, एएसआई, जांच अधिकारी, मॉडल टाउन थाना