फोटो संख्या- 12
इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनें रहीं रद्द, कई घंटों देरी से चलीं
- अमृतसर हादसा के चलते तीन दिन में 251 ट्रेनें हो चुकी हैं प्रभावित, 130 ट्रेनें हो चुकी हैं रद्द, 61 ट्रेनों के मार्ग में हुआ परिवर्तन
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। अमृतसर हादसे के बाद शनिवार के बाद रविवार को भी अमृतसर-नई दिल्ली के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत अमृतसर आने-जाने वाली दर्जनों ट्रेनें रद्द की गईं। वहीं घटना के बाद अब तक लगभग 52 ट्रेनों को अंबाला, लुधियाना व जालंधर स्टेशन तक भेजा गया। इससे आगे अमृतसर तक इन ट्रेनों को रद्द किया गया। इसके अलावा लगभग 54 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन करते हुए गंतव्य की ओर रवाना किया गया। घटना के चलते अमृतसर से आने वाली दर्जनों ट्रेनें घंटों देरी से चलीं। ट्रेनों के रद्द होने, मार्ग परिवर्तित होने अथवा देरी से चलने के कारण संबंधित ट्रेनों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार दोपहर एक बजे की अपडेट के अनुसार अमृतसर की दर्दनाक घटना के कारण लगभग 237 ट्रेनें प्रभावित हो चुकी हैं जबकि 6 ट्रेनों को 22 अक्तूबर और 8 ट्रेनों को 23 अक्तूबर के लिए रद्द किए जाने की आशंका है। इससे प्रभावित ट्रेनों का आंकड़ा 250 के पार जा सकता है। ट्रेनों के रद्द होने अथवा मार्ग परिवर्तित होने से अमृतसर से दिल्ली तथा अन्य स्थानों पर जाने वाली लगभग सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चली।
अमृतसर की घटना के बाद शनिवार को दिल्ली-पानीपत-अंबाला मार्ग पर चलने वाले गाड़ी संख्या 12460 अमृतसर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार का भी रद्द रही। इसके अलावा अमृतसर से आने वाली दर्जनों ट्रेनें घंटों देरी से चलीं। इनमें पश्चिम एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस, मूरी एक्सप्रेस, कटिहार एक्सप्रेस ट्रेनें तो 5-6 घंटे की देरी से चलीं। इसके अलावा सचखंड एक्सप्रेस, अमृतसर-मुंबई एक्सप्रेस, पठानकोट दिल्ली एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, शाने पंजाब, हीराकुंड एक्सप्रेस ट्रेन ने अपने निर्धारित समय के बजाय घंटों देरी से पहुंची।
तरनतारन और मुकेरियां से डायवर्ट हुईं दर्जनों ट्रेनें
अमृतसर की घटना के बाद एक दर्जन से अधिक ट्रेनें तरनतारन अथवा मुकेरियां के रास्ते डायवर्ट कर निकाली गईं। इससे मूरी एक्सप्रेस, पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस, कटिहार एक्सप्रेस, कोच्चिवली एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस, सियालदाह एक्सप्रेस , हावड़ा एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनें मुख्य रूप से शामिल रहीं।
बसों की हड़ताल के चलते ट्रेनों में बढ़ी भीड़
ट्रेनों के रद्द होने व देरी से चलने और बसों की छह दिन से जारी हड़ताल के कारण पानीपत स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। भीड़ ज्यादा होने के कारण यात्री ट्रेनों में चढ़ने के लिए धक्का मुक्की करते रहे। कोच्चिवली एक्सप्रेस ट्रेन के आने की घोषणा न होने पर जब उक्त ट्रेन पानीपत स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों में गंतव्य पर जाने के लिए मानों होड़ लग गई। हालांकि सुपरफास्ट ट्रेन का पता चलने व पानीपत के बाद दिल्ली रुकने का पता चलने पर अधिकतर यात्री पीछे हट गए। इसके बाद दिल्ली जाने के लिए आई पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों में आपाधापी मच गई।
ये मुख्य ट्रेनें रहीं रद्द
गाड़ी संख्या नाम
12460 अमृतसर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस
12054 अमृतसर- हरिद्वार जनशताब्दी एक्सप्रेस
14681 नई दिल्ली- जालंधर सिटी एक्सप्रेस
12053 हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी एक्सप्रेस
12411 चंडीगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस
12412 अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस
14505 अमृतसर-नंगलडेम एक्सप्रेस
14506 नंगलडेम-अमृतसर एक्सप्रेस
14633 अमृतसर-पठानकोट एक्सप्रेस
14634 पठानकोट-अमृतसर एक्सप्रेस