अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गांव बड़ौली में जीटी रोड स्थित प्रेम इंस्टीट्यूट में एएनएम और जीएनएम का कोर्स कर रहे विद्यार्थियों का गुस्सा फर्स्ट ईयर का रिजल्ट घोषित नहीं करने पर फूट पड़ा। विद्यार्थियों करीब छह महीने पहले पेपर दिए थे। गुस्साए विद्यार्थियों ने कहा कि तीन साल के कोर्स का टर्म पूरा होने वाला है, लेकिन अभी तक केवल फर्स्ट ईयर के ही पेपर हुए हैं। उसका भी अभी तक रिजल्ट नहीं आया। इब प्रबंधन अगले वषर्ज्ञ में दाखिला लेने के लिए दबाव बना रहा है। गुस्साए विद्यार्थियों ने कहा कि या तो उनके कोर्स के अनुसार पेपर लिए जाएं, या फिर उनके राशि ब्याज समेत लौटाई जाए। प्रिंसिपल ने गुस्साए विद्यार्थियों को शांत करते हुए आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द रिजल्ट आ जाएगा। इसके बाद विद्यार्थी कक्षाओं के लिए चले गए।
जीटी रोड पर गांव बड़ौली स्थित प्रेम इंस्टीट्यूट में एएनएम और जीएनएम का कोर्स कर रहे करीब 40 विद्यार्थियों ने इंस्टीट्यूट गेट पर पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। विद्यार्थी अमरजीत, कमलदीप, संदीप, राहुल, सुभाष, विवेक, सचिन, अंकित राणा, शुभम और विकास का कहना है कि इंस्टीट्यूट में वर्ष 2012-14 बैच के विद्यार्थियों के ही पेपर हुए हैं। वर्ष 2015 बैच के विद्यार्थियों के फर्स्ट ईयर के पेपर अक्टूबर 2016 में हुए थे। छह माह बाद भी उनका रिजल्ट नहीं आया है। उनके कोर्स का तीसरा साल चल रहा है, लेकिन अभी तक सेकंड ईयर के पेपर नहीं हुए। विद्यार्थियों ने बताया कि तीन बैच में करीब 120 विद्यार्थी यहां कोर्स कर रहे हैं। प्रत्येक बैच में 40 विद्यार्थी हैं। इस बारे में जब भी प्रबंधन से बात करते हैं तो उन्हें जल्द रिजल्ट आने का आश्वासन दे दिया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रति वर्ष एक लाख 15 हजार रुपये एडमिशन फीस जमा करवाने के साथ प्रति माह छह हजार रुपये फीस जमा करवाई जाती है।
इंस्टीट्यूट में कोर्स करवाया जाता है। एग्जाम बीडी शर्मा यूनिवर्सिटी रोहतक लेती है। यूनिवर्सिटी की तरफ से एग्जाम लेने में देरी की जा रही है। बच्चों की डिमांड जायज है। यूनिवर्सिटी से लगातार संपर्क किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी के निर्देशानुसार ही कार्य किया जा रहा है।
डॉ. पंकज मुटनेजा, चेयरमैन, प्रेम इंस्टीट्यूट पानीपत।