पानीपत। जिले में डेंगू को लेकर अलर्ट जारी है। जिले का खतरा लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को जिले में डेंगू के 11 नए मरीज मिले। बिंझौल में 30 साल का युवक, बराना गांव में 62 साल के बुजुर्ग, कुटानी रोड पर 23 साल की युवती, हलदाना गांव में 36 साल की महिला, किवाना गांव में पांच साल की बच्ची, सेक्टर 18 में 12 साल का बच्चा, समालखा में 32 साल की महिला चावला काॅलोनी में 35 साल की महिला, डाहर गांव में 30 साल का युवक, गीता काॅलोनी में 13 साल का बच्चा, राजीव काॅलोनी में 42 साल का पुरुष, सफीदों में 62 साल के बुजुर्ग व आसन कलां में 78 साल के बुजुर्ग की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनका सिविल अस्पताल व निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले में अब डेंगू के 194 केस हो चुके हैं। अक्तूबर में डेंगू के अब तक 51 केस मिल चुके हैं। इस साल डेंगू की रफ्तार पिछले साल की अपेक्षा अधिक तेज है। पिछले वर्ष 15 अक्तूबर तक डेंगू के 101 केस मिले थे।
स्वास्थ्य विभाग डेंगू पर अंकुश लगाने के तमाम प्रयास कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग अब एंटी लार्वा एक्टिविटी भी तेज कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अब नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट फील्ड में उतारी हैं। इसको छोटा अस्पताल भी कहा जाता है। इसमें एक डॉक्टर, दो नर्सिंग ऑफिसर, एक फार्मासिस्ट, एक लैब टेक्नीशियन व एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी तैनात है। गांवों व कॉलोनियों में बुखार से ग्रस्त लोगों की स्लाइड तैयार की जा रही है। इन पीड़ितों को दवा के साथ साथ डेंगू के खिलाफ भी जागरूक किया जा रहा है। डेंगू पर अंकुश के लिए स्वास्थ्य विभाग की 100 टीमें एंटी लार्वा एक्टिविटी भी चला रही है।
डेंगू के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील संदूजा ने बताया कि शनिवार को जिले में डेंगू के 11 केस मिले हैं। अब जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या 194 हो चुकी है। लोगों से अपील है कि डेंगू के खिलाफ जागरूक हों। अपने आसपास पानी जमा न होने दें। अगर बुखार है तो डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लें।