माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 10.36 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने फर्जी निवेश एप के जरिए डिजिटल अकाउंट बनवाकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। जब पीड़ित ने खाते से पैसे निकालने का प्रयास किया तो ठगी का खुलासा हुआ। मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
उत्तम नगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 दिसंबर को उनके व्हाट्सएप पर एक नंबर से संदेश आया, जिसमें शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का दावा किया गया। रुचि दिखाने पर साइबर ठगों ने उसी नंबर से एक लिंक भेजा और एक्सिस डायरेक्ट निवेशक के नाम से मोबाइल फोन में एप इंस्टॉल करा दी। इसके बाद डिजिटल अकाउंट खोलकर एक आईडी बनाई गई और शेयर खरीदने के नाम पर निवेश करने को कहा गया।
साइबर ठगों ने सस्ते शेयरों में अधिक लाभ का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराए। पीड़ित ने बैंक खाते के अलावा रिश्तेदारों के खातों से भी करीब 10.36 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद जब पीड़ित ने डिजिटल अकाउंट से पैसे निकालने का प्रयास किया तो निकासी नहीं हो सकी। इस पर उसे साइबर ठगी का संदेह हुआ और उसने तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। बाद में साइबर क्राइम थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। जिन खातों में रकम भेजी गई, उनकी डिटेल खंगाली जा रही है।