3 दिन पहले अपहरण हुई बेटी से मिलने के लिए परिजनों को थाने में बुलाकर की पुलिसकर्मियों ने की मारपीट, वीडियो वायरल
पानीपत। किला थाना में 3 दिन पहले अपहरण हुई किशोरी से मिलने गए परिजनों के साथ किला थाना पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। साथ ही उनको धक्के मार कर थाने से बाहर खदेड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनकी बेटी से परिजनों के खिलाफ ही बयान लिखवा रही है। जिसका विरोध करने पर पुलिस ने उनके साथ मारपीट की वारदात की। साथ ही परिजनों को उनका कुछ भी न बिगड़ने की बात कह कर खदेड़ दिया। जिसकी वीडियो वायरल हो गई। मारपीट के बाद परिजन सामान्य अस्पताल गए। जहां मेडिकल करवा कर उन्होंने लिखित तौर पर एसपी व डीएसपी को शिकायत दी। उन्होंने मामले में जांच करने व जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस के आरोपी पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
18 दिसंबर को हुआ था नाबालिग का अपहरण:
पीड़िता की मां ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले आरोपी युवक मोहित पुत्र नरेश की बहन उनकी लड़की को 18 दिसंबर को घर से बुलाने आई थी। जिसके बाद वो व उनकी बेटी दोनों वहां से चली गई। देर शाम तक भी बेटी के घर पर लौट कर न आने पर उसकी तलाश शुरू की। जिस दौरान पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी मोहित उसको जबरदस्ती एक गाड़ी में बैठा लेकर फरार हो गया। परिजनों ने इसकी शिकायत किला थाना पुलिस को दी। परिजनों का यही से आरोप है कि पुलिस ने मामले में अपहरण की जगह गुमशुदगी का केस दर्ज किया था। साथ ही पुलिस ने उक्त आरोपियों को एक बार भी जांच में शामिल नहीं किया।
थाने में किशोरी से मिलने बुलाए, वहां बुला कर की पिटाई:
शुक्रवार अल सुबह 4:00 बजे महिला थाना पुलिस अन्य परिजनों को फोन कर उनकी बेटी के मिलने की खबर दी। साथ ही पुलिस ने दिन निकल जाने के बाद उससे किला थाना में आकर मिलने के बारे में कहा। दोपहर 1:30 बजे जब परिजन उनकी बेटी से मिलने वहां पहुंचे, तो वहां पुलिस ने सभी परिजनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसमें महिला पुलिसकर्मी सहित 3 पुरुष पुलिसकर्मियों ने परिजनों में मौजूद महिलाओं व पुरुषों से मारपीट की। पुलिसकर्मियों ने उनकी थप्पड़ और लात घुसो से पिटाई की। साथ ही उन्हें धक्के मारकर थाने से बाहर खदेड़ दिया।
परिजनों के खिलाफ बुलवा रही पुलिस:
किशोरी के परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनकी बेटी से दबाव डालकर परिजनों के खिलाफ शिकायत देने की बात कह रही है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनकी बेटी से लिखवा रही है कि परिजन उसके साथ मारपीट करते थे व उनकी मारपीट से ही वह भागने को मजबूर हुई थी। जिसका विरोध परिजनों ने किया तो पुलिस ने उनके साथ बदतमीजी, गाली गलौज व मारपीट की।
मैंने 3 बजे थाने का कार्यभार संभाला है। मामला संज्ञान में नहीं था। वीडियो की जांच होगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
- वीरेंद्र सिंह, किला थाना प्रभारी, पानीपत।