मुख्यमंत्री ने पूजा-रेवड़ी विवाद में दिए जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। कुटानी रोड निवासी पूजा देवी के साथ चल रहे सुरेंद्र रेवड़ी के विवाद पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जांच के आदेश दे दिए हैं। सीएम ने कहा कि जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कानून सबके लिए समान है। सीएम ने कहा कि पूजा देवी के साथ अगर कुछ गलत हुआ तो उसे न्याय मिलेगा। पूरे मामले की जांच होगी। जो भी दोषी होगा, उस पर कार्रवाई होगी। पुलिस अपनी जांच स्वतंत्र तरीके से करने के लिए आजाद है। उन पर किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव नहीं है। पुलिस का काम लोगों को न्याय दिलाना है।
विदित है कि पूजा देवी निवासी कुटानी रोड पिछले छह दिनों से सुरेंद्र रेवड़ी के खिलाफ भूख हड़ताल पर फ्लाईओवर के नीचे लघु सचिवालय के सामने बैठी थी। छह दिन तक पुलिस ने उसकी सुध नहीं ली। सीएम मनोहर लाल खट्टर के कार्यक्रम से पहले पुलिस प्रशासन ने पूजा देवी को सुरेंद्र रेवड़ी पर दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन देकर उसे भूख हड़ताल से उठा दिया था। सुरेंद्र रेवड़ी पर पूजा के आरोप थे कि सुरेंद्र रेवड़ी ने उसके पति को झूठे केस में फंसा कर जेल में डलवा दिया। 30 अगस्त को सुरेंद्र रेवड़ी के आदमियों ने उसके घर में घुसकर उसको जान से मारने की धमकी दी थी। इस शिकायत पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। इसीलिए उसको भूख हड़ताल पर बैठने का फैसला करना पड़ा था।
-----
सीएम ने रेवाड़ी गैंगरेप पर कहा कि युवती से रेप करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द दूसरे आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को इस संबंध में कड़े निर्देश दे दिए गए हैं। महिला सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है।