अंकुर मुुंढाल
पानीपत।
पानीपत जिले में बेरोजगारों का आंकड़ा 30 हजार पार कर चुका है। पानीपत क्षेत्र में करीब 25 हजार और समालखा क्षेत्र में करीब 7 हजार बेरोजगार हैं। इन सब बेरोजगारों के पंजीकरण का आंकड़ा जिला रोजगार कार्यालय के पास है। इनमें से 40 प्रतिशत बेरोजगार कई साल से पंजीकृत हैं। प्रशासन को शक है कि इनमें से लगभग 5 हजार युवाओं को रोजगार मिल चुका है लेकिन वो अब भी बेरोजगारी भत्ता ले रहे हैं। रोजगार विभाग इन सब बेरोजगारों की पूरा बायोडाटा खंगालने के मूड में है, जिन्होंने विभाग के पास पंजीकरण करवाया है। विभाग सभी पंजीकरण की वेरीफिकेशन करने की तैयारी में है। इसके लिए विभागीय अधिकारी ने उपायुक्त को फाइल भेजी है। विभाग सभी पंजीकरण की वेरीफिकेशन करेगा। बस इस कार्य के लिए आदेश जारी होने का इंतजार है। जांच के बाद बेरोजगार व रोजगार वाले दोनों व्यक्तियों को चयनित भी करेगा।
किसे मिलता है बेरोजगारी भत्ता
बेरोजगार व्यक्ति का पंजीकरण 3 वर्ष पुुराना हो। वह किसी प्रकार के रोजगार में न हो। व्यक्ति हरियाणा राज्य का नागरिक हो। उसकी आयु 21 से 35 वर्ष के बीच में है। उसकी पारिवारिक आय 3 लाख से कम हो। व्यक्ति के पास स्नातक या फिर स्नातकोत्तर की डिग्री हो। राज्य सरकार ने वर्ष 2005 से 12वीं पास को बेरोजगारी भत्ता बंद कर दिया। जो इससे पहले के 12वीं पास है, उन्हें भत्ता मिलता रहेगा। विभाग नवंबर माह में बेरोजगारी भत्ते के आवेदन प्राप्त करता है। स्नातक को 1.5 हजार और स्नातकोत्तर को 3 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ते के रूप में मिलते हैं।
आखिर क्यों पड़ी वेरीफिकेशन की जरूरत
रोजगार विभाग पिछले 4 चार माह में दो रोजगार मेलों का सफल आयोजन कर चुका है। रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 1200 बेरोजगारों को रोजगार दिलवा चुका है, लेेेकिन बावजूद भी जिले में बेरोजगारों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। प्रत्येक माह विभाग को बेरोजगारों के पंजीकरण मिल रहे हैं। विभाग जांचना चाहता है कि जो सही में बेरोजगार व्यक्ति हैं, उन्हें भत्ता मिल रहा है या फिर इनकी जगह रोजगार वाले व्यक्ति भत्ते ले रहे हैं।
जल्द शुरू करेंगे वेरिफिकेशन: सांगवान
रोजगार विभाग जल्द ही बेरोजगार व्यक्तियों के पंजीकरण का वेरीफिकेशन करेगा। विभाग जांच करना चाहता है कि जिन बेरोजगार व्यक्तियों ने पंजीकरण करवाया है, वे बेरोजगार हैं या भी नहीं। अगर कोई पंजीकृत व्यक्ति किसी प्रकार के छोटे-बड़े रोजगार पर भी है, तो उसका पंजीकरण रद्द करने के साथ भत्ता भी रोक दिया जाएगा।
राजेश सांगवान, जिला सहायक रोजगार अधिकारी।
रोजगार विभाग जल्द करेगा वेरीफिकेशन, बेरोजगार व्यक्ति रोजगार पर मिला तो रद्द होगा पंजीकरण
- उपायुक्त के पास भेजी फाइल, जल्द मिल सकता है आदेश
- जिले में करीब 32 हजार है बेरोजगार
फोटो नं.1