रोडवेजकर्मियों ने किया प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी
- परिवहन मंत्री की वादा खिलाफी के खिलाफ डिपो कार्यशाला के गेट पर मीटिंग कर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
हरियाणा रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने कर्मचारियों की मांगों को लागू न करने पर परिवहन मंत्री पर निशाना साधा है। मंत्री व सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी है।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन की डिपो स्तरीय गेट मीटिंग बुधवार को डिपो में हुई। जिसकी अध्यक्षता कर्मचारी महासंघ के प्रधान सतीश पंवार, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन डिपो के प्रधान सुल्तान मलिक, बीएमएस डिपो प्रधान शमशेर सिंह मलिक ने की। के गेट पर सैकड़ों कर्मचारियों ने परिवहन मंत्री के खिलाफ नारे लगाकर गेट मीटिंग कर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का संचालन डिपो सचिव महावीर देशवाल व चरण सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
राज्य सचिव राजपाल व उप महासचिव रणबीर शर्मा ने कहा कि पिछले लंबे समय से ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने विभाग का निजीकरण व कर्मचारियों की व्यवहार में मांगों को लेकर कई बार राज्य स्तर पर व डिपो स्तर पर हड़ताल, धरने प्रदर्शन करने के बाद भी परिवहन मंत्री व विभाग अधिकारियों के साथ बार-बार की बातचीत में ज्वाइंट एक्शन कमेटी के साथ जो समझौते हुए हैं। उनको आजतक लागू ना कर रोडवेज के कर्मचारियों व ज्वाइंट एक्शन कमेटी को बहकाने का काम किया है। सचिव व उपसचिव ने कहा कि या तो परिवहन मंत्री पूर्व में किए गए समझौतों को ज्वाइंट एक्शन कमेटी को विश्वास में लेकर लागू करें अन्यथा ज्वाइंट एक्शन कमेटी आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होगी और दोबारा किसी प्रकार की बातों में नहीं आएगी। इस मौके पर चरण सिंह व विरेंद्र कुमार मौजूद रहे।