इसराना। बुआना लाखू गांव में 100 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बिजावा रोड से शुरू आग बांध रोड के साथ लगते खेतों तक फैल गई। किसानों ने ट्रैक्टर और टैंकर की मदद से 2:30 की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। बिजली आपूर्ति बंद थी और एक खेत में पड़ी तूड़ी के नजदीक से आग शुरू हुई थी।
दमकल विभाग के कर्मचारी आग पर काबू पाने के बाद पहुंचे। ग्रामीणों व किसानों ने रोष व्यक्त किया और इसराना में दमकल गाड़ी तैनात करने की मांग की। वहीं दमकलकर्मी शुक्रवार को दिनभर जिला मुख्यालय पर हड़ताल पर रहे।
किसान दिलबाग सिंह, फतेह सिंह व अनिल कुमार ने बताया कि बुआना लाखू से बिजावा सड़क के साथ लगते खेत में शुक्रवार दोपहर बाद करीब 2:30 बजे गेहूं में आग लग गई। ग्रामीण ट्रैक्टर और पानी के टैंकर लेकर खेतों में पहुंचे।
किसानों ने गेहूं की ट्रैक्टर से जुताई करनी शुरू कर दी और गाड़ियों की मदद से गांव के नजदीक से पानी लेकर पहुंचे। इसके बाद भी आग बढ़ती चली गई। आग बांध रोड पर 4:30 बजे रुकी। इसमें दिलबाग सिंह, फतेह सिंह व अनिल कुमार, धूलाराम, राजू, अशोक, संदीप मलिक, तेजवीर मलिक, रविंद्र, जगदीश, राजेश, बलराज मोर और रणधीर सिंह समेत कई किसानों के करीब 100 एकड़ गेहूं जल गए। किसानों ने बताया कि बिजली की आपूर्ति बंद थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं है। एसडीएम नवदीप नैन मौके का मुआयना कर किसानों से बातचीत की और उचित मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया।
गेहूं के खेतों में लगी आग। संवाद- फोटो : Samvad
गेहूं के खेतों में लगी आग। संवाद- फोटो : Samvad
गेहूं के खेतों में लगी आग। संवाद- फोटो : Samvad