संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। डंकी रूट से अमेरिका भेजने का झांसा देकर नन्यौला गांव निवासी श्याम लाल से 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। शातिर ने किसान के बेटे को दिल्ली के एक होटल में चार माह तक रखा।
बाद में भेजने से इन्कार कर दिया। नग्गल थाना पुलिस ने नन्यौला के वार्ड नंबर-6 निवासी श्याम लाल की तहरीर पर बकनौर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर एजेंट कप्तान सिंह व बलराज पर धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपी कप्तान पर पहले भी इसी तरह से धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
पीड़ित ने बताया कि बकनौर गांव निवासी कप्तान सिंह लोगों को विदेश भेजने का काम करता था। नवंबर 2021 में वह और उसका भतीजा अक्षय कप्तान सिंह के फार्म हाउस पर गए थे। जब बेटे दिव्यांशु को वर्क वीजा पर अमेरिका भेजने की बात कही तो आरोपी कप्तान सिंह व बलराज ने कहा कि वह 42 लाख रुपये में डंकी रूट से अमेरिका भेज देंगे। जनवरी 2022 में कप्तान सिंह का फोन आया कि आपके लड़के के दस्तावेज तैयार हो गए है तो रुपये जमा करवा दीजिए तभी बकनौर गांव में कप्तान सिंह के फार्म हाउस पर पांच लाख रुपये की नकद राशि दी। नन्यौला अनाजमंडी के पास आकर 15 लाख रुपये की नकदी भी ले ली। ऐसे कुल 20 लाख रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद बेटे को जल्द ही अमेरिका भेजने की बात बोलकर चले गए। बाद में जब अमेरिका नहीं भेजा तो आरोपियों ने पीड़ित को केवल 10 लाख रुपये ही लौटाए। बाकी के रुपये नहीं दिए।