रायपुररानी। क्षेत्र में एक निजी फार्म में आयोजित शादी समारोह के बाहर कुछ युवकों पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दो युवक घायल हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार मौली क्षेत्र से चार युवक रायपुररानी के एक निजी फार्म में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। जैसे ही वे समारोह से बाहर निकले, तभी दो गाड़ियों में आए कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया।
हमले में एक युवक के हाथ पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे उसके हाथ पर चोट और उसकी नाक पर भी चोट आई। दूसरे युवक के बाजू पर भी चोट लगी है। घटना के बाद घायल युवकों को उनके दोस्तों की मदद से रायपुररानी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या सात से आठ के करीब थी और वे बरवाला क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।