‘हाई ऑन रन, नॉट ऑन ड्रग्स’ थीम पर ताऊ देवी लाल स्टेडियम से शुरू होगी दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। फिटकाई की ओर से स्वस्थ जीवनशैली और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से 20 सितंबर को पंचकूला हाफ मैराथन आयोजित की जाएगी। इसकी थीम ‘हाई ऑन रन, नॉट ऑन ड्रग्स’ रखी गई है। दौड़ में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 और 5 किलोमीटर रन की श्रेणियां होंगी। सभी दौड़ ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-3 से शुरू होकर वहीं समाप्त होंगी।
फिटकाई के ओनर एकलव्य ने कहा कि दौड़ और फिटनेस को लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बनाना उद्देश्य है। खेल और फिटनेस युवाओं को नशे से दूर रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि नशे के पीछे नहीं, अपने सपनों के पीछे दौड़ें। उन्होंने कहा कि सही समय पर दिया गया संदेश किसी की जिंदगी बदल सकता है। आयोजकों ने लोगों से मैराथन में शामिल होकर नशे के खिलाफ अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।