मोहाली में अपने दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद लापता युवक का शव मंगलवार दोपहर सुखना लेक में मिला। युवक के मोबाइल की लोकेशन एक दिन पहले ही लेक पार्किंग में थी। परिजनों को वहां से सिर्फ बाइक, मोबाइल और उसका पर्स मिला है। मृतक की पहचान मोहाली के मटौर निवासी आकाश उर्फ काकू (22) के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में मृतक के परिजनों ने मोहाली के फेज-8 थाने में आकाश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सेक्टर-3 थाना पुलिस मोहाली पुलिस से संपर्क कर मामले की जांच में जुट गई है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12.45 बजे की है। सुखना पर घूमने आए लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि लेक में किसी शख्स का शव पानी में उतराया हुआ है। इस सूचना पर सेक्टर-3 थाना प्रभारी जसपाल सिंह अपने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल वाले एरिया को सील कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने शव को पानी से किसी तरह बाहर निकालकर शव को जीएमएसएच-16 के मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक का नाम आकाश है और वह पिछले चार दिनों से मोहाली से लापता है।
सुखना के पास दो दिनों से चक्कर काट रहा है परिवार
आकाश के भाई सचिन ने बताया कि भाई के लापता होने के पर इसकी शिकायत मोहाली पुलिस से की गई थी। इसके बाद बीते सोमवार को आकाश के मोबाइल की लोकेशन सुखना की पार्किंग में मिली। परिवार फौरन यहां पहुंचा तो उसकी बाइक नंबर (पीबी64एएम 5405) पार्किंग में खड़ी थी। बाइक में मोबाइल और उसका पर्स रखा था। आकाश वहां नहीं था। पिछले दो दिनों से परिवार सुखना के आसपास के एरिया में आकाश को तलाश रहा है, लेकिन उसका कुछ नहीं पता चल सका था।