नशे के खिलाफ युवाओं को एकजुट करने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का लिया संकल्प, हर महीने होगी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। हरियाणा दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को मोरनी हिल्स के युवाओं की ओर से बैठक आयोजित कर मोरनी हिल्स यूथ क्लब के गठन और पंजीकरण को लेकर चर्चा की गई। शाम पांच बजे हुई बैठक में युवाओं ने क्षेत्र के विकास, सामाजिक जिम्मेदारियों और युवाओं की भागीदारी को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में सर्वसम्मति से क्लब की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें विशाल भंवरा को प्रधान, सचिव और खजांची की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान विशाल, नंदन, गगन, साहिल, कपिल, युवराज और जसवीर सहित कई युवा मौजूद रहे।
बैठक में दीपक शर्मा ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे से दूर रहने और इसके खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। साथ ही खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने पर जोर दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि क्लब की मासिक बैठक हर महीने के अंतिम रविवार को होगी। इसमें आगामी सामाजिक एवं अन्य गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। युवाओं ने क्लब को मजबूत बनाने और मिलकर क्षेत्र के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।