मॉडर्न कांप्लेक्स में बुधवार रात शराब के नशे में एक युवक चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। जमीन पर गिरने से पहले युवक बिजली के तारों पर गिरा, जिससे पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल युवक को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को मौके से तीन शराब की बोतलें, पांच ग्लास और चिकन बरामद हुआ। पुलिस को शक है कि युवक अपने भाई व दोस्तों के साथ छत पर शराब पी रहा था।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, रात करीब सवा दस बजे सूचना मिली कि मॉडर्न कांप्लेक्स के मकान 5269/3 की छत से कोई युवक गिर गया है। सूचना पाते ही मनीमाजरा थाना प्रभारी जसविंदर कौर मौके पर पहुंची और घायल युवक को पीसीआर से जीएमएसएच सेक्टर-16 पहुंचाया।
युवक की पहचान 24 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। संजय कुछ दिन पहले नाइजीरिया से लौटा है। संजय और उसका भाई जयवीर बुआ वीणा कुमारी के साथ रहते हैं। संजय की तीन साल पहले शादी हुई थी। डेढ़ साल पहले ही उसकी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई थी, जिसके बाद से संजय मानसिक रूप से परेशान था।
पुलिस के मुताबिक, रात दोनों भाई छत पर बैठ कर कुछ दोस्तों के साथ शराब पी रहे थे तभी अचानक संजय बिजली के तारों पर गिरा और करंट से झुलसने के बाद जमीन नीचे गिर पड़ा। इस दौरान उसके शरीर का कुछ हिस्सा जल गया। हालांकि पुलिस को मौके पर संजय का भाई नहीं मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।