पंचकूला। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने बुधवार को एक संदिग्ध युवक को बंदूक और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी किसी बड़े हथियार तस्कर गिरोह से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच-26 के प्रभारी इंस्पेक्टर दलीप सिंह टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गांव बागवाला की ओर जाने वाली सड़क पर एक युवक अवैध हथियार के साथ खड़ा है। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को घेर कर काबू कर लिया। पूछताछ में युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के गांव बसेड़ा निवासी मोहम्मद कैफ (20 ) के रूप में हुई। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो बंदूक और एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी न तो हथियार का लाइसेंस दिखा सका और न ही कोई अन्य वैध दस्तावेज। थाना रायपुररानी में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है।जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक को हथियार कहां से मिला, किसने दिया और इसके पीछे मंशा क्या थी। एसीपी अरविंद कंबोज का कहना है कि यह बड़ी तस्करी चेन का हिस्सा हो सकता है और हर पहलू की जांच कर रही है।