संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 52 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान मोहित उर्फ बोई, निवासी सेक्टर-20 पंचकूला के रूप में हुई है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार 27 नवंबर को गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि सेक्टर-14 क्षेत्र में एक युवक नशा लेकर घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम पहुंची और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान कब्जे से 52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-14 थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।