नवाचार और उत्कृष्टता को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने राष्ट्रीय एमएसएमई पुरस्कार 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह जानकारी डीसी मोनिका गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि इन पुरस्कारों का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, निर्यात में वृद्धि और उद्यमिता को प्रोत्साहित करना है।
डीसी ने बताया कि कुल 44 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जो विभिन्न श्रेणियों में दिए जाएंगे। इसमें विनिर्माण, सेवा क्षेत्र, विशेष श्रेणियां (जैसे महिला उद्यमी, अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग) और संस्थागत समर्थन से जुड़ी श्रेणियां शामिल हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई तय की गई है। एक उद्यमी एक से अधिक श्रेणियों में आवेदन कर सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि पुरस्कार विजेताओं को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र के साथ 1 से 3 लाख रुपये तक की नकद राशि भी दी जाएगी। उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और यह पुरस्कार उनके योगदान को मान्यता देने का एक सशक्त मंच हैं।
उन्होंने जिले के उद्यमियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और समय रहते आवेदन करें। आवेदन के लिए एमएसएमई मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फार्म भरा जा सकता है।