पंचकूला। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) की तरफ से 21 दिसंबर को जगन्नाथ पुरी, गंगा सागर और कोणार्क मंदिर के लिए स्पेशल स्लीपर क्लास ट्रेन चलाई जाएगी। दस दिन की इस यात्रा के दौरान यात्रियों को वैद्यनाथ, पुरी-गंगासागर, कोणार्क और गया की यात्रा कराई जाएगी। यह जानकारी आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक एमपीएस राघव ने दी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान शारीरिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा और कोच को समय-समय पर सैनिटाइज भी किया जाएगा। यात्रा में सभी के लिए मास्क अनिवार्य है। यात्रियों को अपना निजी इस्तेमाल का सामान और दवाई साथ लेकर जाना होगा। नाश्ता, भोजन, गंतव्य स्टेशन पर धर्मशाला में रहने और स्टेशन से धर्मशाला तक पहुंचने की बस द्वारा व्यवस्था आईआरसीटीसी द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन का किराया 9450 रुपये प्रति व्यक्ति है।
यह होगा ट्रेन का मार्ग
यह ट्रेन 21 दिसंबर को फिरोजपुर से चलकर वाया चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली कैंट, रेवाड़ी, अलवर, जयपुर, आगरा कैंट, कानपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर सिटी, वाराणसी होकर 23 दिसंबर की सुबह वैद्यनाथ धाम पहुंचेगी। जहां वैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करवाए जाएंगे और रात को ट्रेन शालीमार के लिए निकलेगी। यहां ट्रेन 24 दिसंबर की सुबह पहुंचेगी। वहां से गंगासागर के की यात्रा होगी। रात्रि विश्राम गंगासागर में ही रहेगा। वहीं 25 दिसंबर की सुबह गंगासागर से वापस कोलकाता के लिए रवाना होंगे। रात्रि में ट्रेन पुरी के लिए रवाना होगी। 26 दिसंबर की सुबह ट्रेन पुरी पहुंचेगी। वहां यात्री भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगे और रात्रि विश्राम पुरी में होगा। 27 दिसंबर की सुबह कोणार्क सूर्य मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। शाम को ट्रेन गया के लिए रवाना होगी। 28 दिसंबर की सुबह ट्रेन गया पहुंचेगी, जहां स्थानीय मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे और रात्रि में वापस जयपुर के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन 30 दिसंबर को जयपुर, दिल्ली होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेगी।