पंचकूला। सेक्टर-15 में एक निजी स्कूल के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार महिला और उसके साथ जा रहे तीन बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार चालक का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, परिजनों ने चारों घायलों को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल रिंकी ने बताया कि वह शाम करीब चार बजे अपने तीन बच्चों के साथ साइकिल पर घर लौट रही थी। इसी दौरान सेक्टर-15 स्थित निजी स्कूल की तरफ से एक कार रॉन्ग साइड में तेज गति से आई और उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह अपने तीनों बच्चों के साथ सड़क पर गिर गईं। हादसे में रिंकी और बच्चों जानवी व जीविका समेत तीनों बच्चों को चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को मौके से भागने नहीं दिया और पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।