पंचकूला। ऑटो में सवारी बनकर यात्रियों को निशाना बनाने वाले तीन स्नैचरों को पंचकूला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन हंटडाउन के तहत क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने आरोपियों को हिमालय एक्सप्रेस-वे के पास से काबू किया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी बरामद किया है। अदालत में पेश करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा ने बताया कि 13 नवंबर को एमडीसी सेक्टर-5 निवासी एक व्यक्ति ने मनसा देवी थाने में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार वह सिंह द्वार से भैंसा टिब्बा जाने के लिए ऑटो में सवार हुआ था। ऑटो में पहले से दो-तीन युवक बैठे थे। कुछ दूरी पर चालक ने सेक्टर-5 स्थित गणेश मंदिर के पास लंगर खाने जाने की बात कही।
इस पर शिकायतकर्ता ने ऑटो से उतरकर दूसरा वाहन लेने की बात कही तो आरोपियों ने किराये को लेकर उससे बहस शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने मारपीट कर उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। क्राइम ब्रांच की टीम ने सोनू उर्फ चोपड़ा, दीपक कुमार उर्फ दीपू और दीपक उर्फ पूर्ण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर मोबाइल और ऑटो बरामद किया गया।