पिंजौर। बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन युवकों ने एक महिला को टक्कर मार दी। महिला के बेटे ने जब युवकों को टोका तो उन्होंने महिला सहित उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गौरव सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मॉडल टाउन काॅलोनी निवासी शिकायतकर्ता जतिन ने बताया कि बीते सोमवार की रात को वह और उसकी माता दुकान बंद कर रहे थे, उसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार चार युवकों ने उसकी मां को टक्कर मार दी। जतिन ने आरोप लगाया कि आरोपी युवकों ने शराब पी रखी थी। जब उसने उसकी मां को टक्कर मारने पर टोका तो आरोपियों ने उसके और उसकी मां के साथ मारपीट की। अगले दिन सुबह जब वह भाई के साथ दुकान पर बैठा था तो आरोपी गौरव तीन युवकों के साथ पहुंचा। उन्होंने मारपीट करते हुए गंडासी से हमला कर उसे और उसके भाई को घायल किया और मौके से फरार हो गए।